Monday, April 13, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलजी-20 शिखर सम्मेलन : लखनऊ वेलकम जी-20 डेलीगेट्स का साइन बोर्ड लगाने...

जी-20 शिखर सम्मेलन : लखनऊ वेलकम जी-20 डेलीगेट्स का साइन बोर्ड लगाने का निर्देश

लखनऊ(हि. स.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेंट्रम होटल में एलडीए अधिकारियों व अंसल एपीआई के प्रतिनिधि के साथ बैठक में निर्देश दिया कि मुख्य प्रवेश द्वार पर आई लव सुशांत गोल्फ सिटी के स्थान पर “लखनऊ वेलकम जी-20 डेलीगेट्स” का साइन बोर्ड लगाया जाए।

डॉक्टर इंद्रमणि के निर्देश के बाद प्राधिकरण सचिव पवन कुमार गंगवार ने अधिकारियों और अंसल एपीआई की टीम को तत्काल प्रभाव से कार्य पूर्ण कराकर रिपोर्ट देने को कहा। उपाध्यक्ष ने अंसल प्रबंधन की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि उनकी टीम द्वारा हॉर्टिकल्चर के कार्यों के रख-रखाव के साथ पौधों को नियमित रूप से पानी देने का भी काम किया जाए। इसके लिए पानी के 6 टैंकर लगातार संचालित किए जाएं। इसके अतिरिक्त वीआईपी आवागमन के प्रस्तावित मार्ग पर 14 हजार गमले लगाने का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।

उन्होंने कहा कि जी-20 के दृष्टिगत कराए गए विकास कार्यों की सुरक्षा के लिए अंसल द्वारा अपनी तरफ से 60 सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी लगाई जाए। इसमें सभी कर्मचारियों का विवरण उनके ड्यूटी चार्ट के साथ प्राधिकरण को यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जाए। इसी तरह अंसल एपीआई टीम द्वारा सड़क के रख-रखाव के काम (कैट्स आई, डिवाइडर पेंटिंग आदि) के लिए इंफ्रा सुपरवाइजरों और ग्राउंड स्टाफ की ड्यूटी लगाते हुए उसकी फोटो और ड्यूटी चार्ट प्राधिकरण के साथ साझा की जाए।

बैठक में प्राधिकरण के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता मनोज सागर, अवनींद्र कुमार सिंह, सहायक अभियंता आलोक कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

शरद

RELATED ARTICLES

Most Popular