गाजियाबाद(हि.स.)। पैरेंट्स एसोसिएशन का दो दिवसीय निःशुल्क किताब-कॉपी एक्सचेंज मेला शास्त्रीनगर में रविवार को शुरू हो गया। पहले दिन बड़ी संख्या में अभिभावकों की किताब-कॉपी आपस में एक्सचेंज कर दी गई। मेले का उद्घाटन गाजियाबाद पैरेंट्स असोसिएशन (जीपीए) की अध्यक्ष सीमा त्यागी ने किया। हालांकि मेले का उद्घाटन महापौर आशा शर्मा को करना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं।
जीपीए के तत्वावधान में यह मेला लगातार पांच साल से आयोजित किया जा रहा है। सुबह 9 बजे से अभिभावकों ने किताब-कॉपी एक्सचेंज करने लिए निःशुल्क बुक एक्सचेंज मेले में आना शरू कर दिया और देखते ही देखते एक घंटे में ही लगभग 200 अभिभावको की किताब-कॉपी आपस में एक्सचेंज कर दी गई। बुक एक्सचेंज मेले में गाजियाबाद जिले के सभी स्कूलों के अभिभावक पूरे उत्साह से भाग ले रहे हैं। शाम होते-होते करीब एक हजार अभिभावक बुक एक्सचेंज कर चुके थे।
जीपीए महासचिव विवेक त्यागी ने बताया कि लगातार पांचवें वर्ष किताब-कॉपी, ड्रेस एक्सचेंज मेला लगाया जा रहा है। इसको सभी अभिभावकों द्वारा सराहना मिल रही है। इस बुक एक्सचेंज मेले के माध्यम से हजारों अभिभावकों को लाभ मिल रहा है और प्रत्येक वर्ष निजी स्कूलों द्वारा हजारों रुपये की किताब-कॉपी के नाम पर हो रही लूट से अभिभावकों को राहत मिल रही है।
जीपीए अध्यक्ष सीमा त्यागी ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभिभावकों को इस किताब-कॉपी एक्सचेंज मेले के जरिए जिले के निजी स्कूलों में पढ़ रहे हजारों अभिभावकों के बच्चों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को किताब-कॉपी के नाम पर हर वर्ष हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। इस बुक एक्सचेंज मेले में आपस में किताब-कॉपी एक्सचेंज करके आर्थिक राहत भी मिल रही है।
फरमान अली
