Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजीडीए ने निरस्त किया पंचशील व एसोटेक बिल्डर का मानचित्र

जीडीए ने निरस्त किया पंचशील व एसोटेक बिल्डर का मानचित्र

गाजियाबाद(हि.स.)। क्राॅसिंग रिपब्लिक में तथ्य छिपाकर गलत तरीके से स्वीकृत कराए गए पंचशील व एसोटेक दोनों बिल्डरों के नक्शों को मंगलवार को जीडीए ने निरस्त किया। आरोप है कि बिल्डरों ने किसानों के स्वामित्व की भूमि पर गलत तरीके से नक्शा स्वीकृत कराया था। वरिष्ठ भाजपा पार्षद राजेंद्र त्यागी ने इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव आवास से शिकायत की थी। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को बताया कि शिकायत मिलने पर एसडीएम सदर से भू-स्वामित्व का परीक्षण कराते हुए जांच रिपोर्ट मांगी गई थी । एसडीएम ने जांच रिपोर्ट में किसानों के स्वामित्व वाली जमीन पर नक्शा स्वीकृत कराए जाने की पुष्टि की। इसके बाद क्राॅसिंग रिपब्लिक स्थित भूखंड संख्या जीएच-1 पंचशील बिल्डर व जीएच-12 एसोटेक बिल्डर का नक्शा निरस्त कर दिया गया।

भाजपा पार्षद राजेंद्र त्यागी ने बताया कि डूंडाहेड़ा गांव में बलराम सिंह त्यागी, आशाराम त्यागी, शिवकुमार त्यागी आदि की जमीनों पर क्राॅसिंग रिपब्लिक के बिल्डरों ने गलत तरीके से नक्शे पास कराए थे। भूखंड संख्या जीएच-1 पंचशील बिल्डर के प्रोजेक्ट तक पहुंचने के लिए सड़क विद्यमान नहीं है। पंचशील बिल्डर ने बलराम सिंह के हिस्से की जमीन खसरा नंबर- 627, 628, 587, 588, 589 पर कब्जा कर अवैध रूप से अस्थायी सड़क बना ली थी और तथ्य छिपाकर नक्शा पास कराया था। इसी तरह भूखंड संख्या जीएच-12 एसोटेक बिल्डर के प्रोजेक्ट के अंदर व पहुंच मार्ग में बलराम सिंह के हिस्से की जमीन खसरा नंबर-627 व 628 आते हैं। इसके बावजूद बिल्डरों ने तथ्य छिपाकर जीडीए के तत्कालीन अधिकारियों से मिलकर नक्शे पास कराए। उन्होंने बताया कि दोनों बिल्डरों का यह कृत्य धोखाधड़ी का था। इससे पहले भूखंड संख्या जीएच-14 सुपरटेक बिल्डर का नक्शा तथ्य छिपाकर स्वीकृत कराने के आरोप सही पाए जाने पर निरस्त किया जा चुका है।

त्यागी ने बताया कि भूखंड संख्या जीएच-1 पंचशील बिल्डर के मालिक ने जीडीए में बलराम सिंह त्यागी के नाम का फर्जी शपथ पत्र दे दिया था। मामला संज्ञान में आने पर बलराम सिंह त्यागी ने जीडीए अधिकारियों के समक्ष पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए और पंचशील बिल्डर द्वारा फर्जी शपथ पत्र देने के मामले में बिल्डर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की शिकायत की थी। उन्होंने मामले में बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए एसएसपी गाजियाबाद से भी शिकायत की थी।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular