Wednesday, April 1, 2026
Homeव्यापार जीएसटी के खिलाफ सड़कों पर उतरे व्यापारी

 जीएसटी के खिलाफ सड़कों पर उतरे व्यापारी

बागपत (हि.स.)। जीएसटी विभाग की छापेमारी के खिलाफ रविवार को व्यापारी सड़कों पर उतर आए। बाजार बंद कर सरकार व जीएसटी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गयी। व्यापारियों ने विभाग पर छोटे व्यापारियो को परेशान करने का आरोप लगाया है।

उत्तर प्रदेश में जीएसटी विभाग की छापेमारी लगातार जारी हैं। प्रदेश के कई जनपदों में लगातार जीएसटी विभाग व्यापारियों की दुकानों पर छापेमारी कर रहा हैं।इसी के मद्देनजर बागपत में भी बड़े पैमाने पर जीएसटी विभाग द्वारा छापा मारा गया हैं। जिसके विरोध में रविवार को सभी व्यापारियों ने बाजार बंद का ऐलान करते हुए सरकार और जीएसटी विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने बाजारों में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। व्यापारियों का आरोप था कि सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। बड़े कारोबारियों के यहां छापेमारी न कर छोटे और मंझोले दुकानदारों के यहां छापेमारी कर रही हैं। जिसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

व्यापारी संगठन ने इसका पुरजोर विरोध करते हुए कहा कि अभी तो वह सरकार को चेतावनी दे रहे हैं, कि इस तरीके का कोई भी एक्शन न लें अन्यथा अगर व्यापारियों के हित की लड़ाई आगे लड़नी पड़ी तो उसके लिए भी तैयार रहेंगे। वही इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।

सचिन त्यागी

RELATED ARTICLES

Most Popular