Monday, April 13, 2026
Homeव्यापारजीएसटी काउंसिल की 49वीं बैठक , कई अहम फैसले होने की उम्मीद

जीएसटी काउंसिल की 49वीं बैठक , कई अहम फैसले होने की उम्मीद

नई दिल्ली(हि.स.)। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की शीर्ष निकाय जीएसटी परिषद की 49वीं बैठक शुरू हो गई है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में राजधानी के विज्ञान भवन में हो रही इस बैठक में कई अहम फैसला होने की उम्मीद है। बैठक में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सहित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री और केंद्र सरकार व राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं।

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को ट्विट कर बताया कि जीएसटी परिषद की बैठक यहां विज्ञान भवन में शुरू हो गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जीएसटी परिषद की 49वीं बैठक की अध्यक्षता कर रही हैं। इसमें राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री भी मौजूद हैं। इस बैठक में पान मसाला और गुटखा व्यवसाय में कर चोरी रोकने के लिए व्यवस्था बनाने और अपीलीय न्यायाधिकरणों की स्थापना पर चर्चा होने की संभावना है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक जीएसटी परिषद की 17 दिसंबर, 2022 को हुई पिछली बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी थी, वे मुद्दे भी आज की बैठक के शीर्ष एजेंडे में शामिल हैं। पान मसाला और गुटखा उद्योग में हो रही कर चोरी पर लगाम लगाने के लिए ओडिशा के वित्त मंत्री निरंजन पुजारी की अध्यक्षता में गठित मंत्रियों के समूह (जीओएम) की रिपोर्ट पर भी इस बैठक में चर्चा की जा सकती है।

जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरणों (जीएसटीएटी) पर एक मंत्रिसमूह का पिछले साल जुलाई में गठन हुआ था, जिसने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता वाली जीओएम ने सलाह दी है कि जीएसटीएटी न्यायाधिकरणों में हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता के साथ-साथ केंद्र और राज्यों से दो न्यायिक सदस्य व एक तकनीकी विभाग का सदस्य होना चाहिए।

प्रजेश शंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular