Friday, February 13, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलजिस भव्यता के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत हुआ, वह नए भारत की...

जिस भव्यता के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत हुआ, वह नए भारत की नई अयोध्या का दर्शन कराता हैः मुख्यमंत्री

अयोध्या (हि.स.)। अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल शोभा के खानी…। रामलला 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। 500 वर्षों का इंतजार समाप्त होने जा रहा है। प्रभु के आगमन से पहले प्रधानमंत्री का सपना था कि अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित करेंगे। जिस भव्यता के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत अयोध्यावासियों ने किया है, यह नए भारत की नई अयोध्या का दर्शन कराता है। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही।

योगी ने शनिवार को अयोध्या की जनसभा में हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देने के लिए प्रदेशवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रामलला की मूर्ति प्रधानमंत्री को भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही अयोध्या है, जहां आने की बात तो दूर, नाम लेने में भी लोग संकोच करते थे। सबसे अधिक बार अयोध्या आने वाले प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड मोदी जी के नाम पर बन गया है। उत्तर प्रदेश व अयोध्या जैसे विरासत से जुड़ी नगरियों को नई पहचान मोदी जी के कारण संभव हो पाया है। आज प्रधानमंत्री 22 जनवरी से पहले विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी से जुड़ी अयोध्या को बेहतरीन सुविधाओं से संपन्न कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आभार जताते हुए कहा कि प्रभु राम से इस लोक का मिलन कराने वाले त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का नाम प्रधानमंत्री ने किया है। रामायण को लौकिक रूप से हमसब तक पहुंचाने वाले पहले ऋषि महर्षि वाल्मीकि हैं। उनके नाम से अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नामकरण भारत के अंदर भारत की परंपरा व विरासत पर गौरव की अनुभूति कराने वाला क्षण है। आगामी समय में हम सब अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाएंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्यमंत्री वीके सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, प्रदेश के कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही आदि मौजूद रहे।

पवन पाण्डेय

RELATED ARTICLES

Most Popular