Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजिलों और मंडल की रैंक सुधारने के लिए योजनाओं में लाएं प्रगति:...

जिलों और मंडल की रैंक सुधारने के लिए योजनाओं में लाएं प्रगति: सेल्वा कुमारी जे.

मेरठ़ (हि.स.)। मेरठ मंडल की आयुक्त सेल्वा कुमारी जे. ने कहा कि जिलों और मंडल की रैंक सुधारने के लिए योजनाओं में प्रगति लाई जाए। अभ्युदय योजना के अन्तर्गत अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ऑपरेशन कायाकल्प में कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को शामिल किया जाए।

आयुक्त सभागार में गुरुवार को आयुक्त सेल्वा कुमारी जे. ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले 37 विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि कृषि एवं कृषक शासन की प्राथमिकता में है। किसान हितकारी योजनाओं का लाभ किसानों को आसानी से मिलना चाहिए। सरकार की योजनाओं का लाभ लाभार्थी तक सरल एवं सुलभ रूप से पहुंचना चाहिए। मेरठ मंडल में उप्र दिवस, इनवेस्टर्स समिट तथा गौतमबुद्ध नगर में जी-20 बैठक जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है, इसके लिए अधिकारी योजना बनाकर कार्य करें। सरकार द्वारा संचालित अभ्युदय योजना के अंतर्गत परीक्षा में अच्छे परिणाम मिल रहे हैं और अधिक बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं का शेड्यूल बनाते हुए छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत रेगुलर इम्युनाइजेशन, बच्चों का टीकाकरण, कोविड वैक्सीनेशन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की प्रगति की समीक्षा की। जल जीवन मिशन तथा नमामि गंगे के अंतर्गत बचे हुए कार्य को पूरा किया जाए।

इसके बाद आयुक्त और आईजी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था एवं अभियोजन संबंधी मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। आयुक्त ने कहा कि गैंगस्टर एवं भू-माफिया पर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीण क्षेत्र में वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के लिए ग्राम प्रधानों को प्रेरित किया जाए। नगर पालिका व नगर निगम क्षेत्र में वैध टैक्सी स्टैंड संचालित हों। लंबित अभियोजन वाद में प्रभावी पैरवी की जाए। आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की मैपिंग कर पर्याप्त संख्या में लगाए जाए। भू-माफिया, ड्रग माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया के खिलाफ सभी डीएम और एसएसपी प्रभावी कार्रवाई करें। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रवीण अग्रवाल, जिलाधिकारी मेरठ दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ रोहित सिंह सजवाण आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular