Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजिला प्रशासन की हठधर्मिता के खिलाफ मंडी व्यापारियों ने खोला मोर्चा, हड़ताल...

जिला प्रशासन की हठधर्मिता के खिलाफ मंडी व्यापारियों ने खोला मोर्चा, हड़ताल की शुरू

औरैया(हि.स.)। गत दिनों जिलाधिकारी के निर्देश पर मंडी में कुछ व्यापारियों के निर्माण को ध्वस्त कर दिया था, जिसके बाद से वहां विरोध दिखाई देने लगा। गुरुवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मंडी में पहुंचकर आढ़तियों की समस्याओं को सुना और जिला प्रशासन पर आरोप लगाए। मंडी के व्यापारियों ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली से खिन्न हड़ताल शुरू कर दी है।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुधीर पुरवार ने मंडी पहुंचकर व्यापारियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा चुनाव के नाम पर जिला प्रशासन व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। यह भी कहा कि यदि उन्हें मतदान एवं मतगणना के लिए व्यवस्था करनी है तो वह जिला मुख्यालय पर जाकर करें। मंडी में इन सब चीजों की क्या आवश्यकता है।

कहा कि जिला प्रशासन तानाशाही पूर्ण रवैया चला रहा है। इससे व्यापारियों में आक्रोश पनप रहा है। कहा कि गत दिनों जिला अधिकारी द्वारा व्यापारियों के निर्माण को अवैध बताकर ध्वस्त कर दिया गया था। जबकि व्यापारियों ने इस निर्माण से अपनी सुरक्षा किए जाने का प्रयास किया था।

आए दिन व्यापारियों के यहां चोरी होती रहती थी जिसके कारण उन्होंने निर्माण करते हुए उन चोरियों को रोकने का प्रयास किया था। यही नहीं आवारा जानवर आकर व्यापारियों के सामान का नुकसान करते थे जिसके कारण भी उन्होंने यह निर्माण कराया था। मगर चुनाव के नाम पर जिला प्रशासन ने उसे ध्वस्त कर दिया है। इसलिए मंडी के आढ़ती अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular