कानपुर(हि.स.)। प्रदेश में पहली बार भाजपा पिछड़ा और दलित समाज को एकजुट करने के लिए क्षेत्र स्तर, जिला पंचायत और ब्लॉक स्तर पर सदस्यों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग करा रही है। प्रशिक्षण का शुभारंभ करने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार दोपहर पहुंचेगे। यह जानकारी कानपुर भाजपा के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने दी।
उन्होंने बताया कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल की देखरेख में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 19 अगस्त से बिठूर में शुरू हो रहा है। इस वर्ग की शुरुआत करने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आएंगे। वे पहले नगर में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद बिठूर में प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव के अतिरिक्त जिला पंचायत सदस्यों और अध्यक्षों को इसलिए भी पहली बार प्रशिक्षण दे रही है कि इस बार सभी सदस्य पार्टी सिंबल से चुनाव लड़े थे। भाजपा ने पहले कभी जिला पंचायत चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ा था। ऐसे में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 14 जिलों से सदस्य और अध्यक्षों को प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सदस्य संगठन को मजबूती देने का काम करेंगे।
प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
अवस्थी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के अलग-अलग सात सत्रों में पिछड़ों और दलितों की एक टीम बनाकर भाजपा की मुख्यधारा से जोड़ने की रणनीति बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल के अलावा तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही और स्वतंत्र देव सिंह भी यहां आएंगे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य छत्रपति शाहू जी विश्वविद्यालय कानपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ पौने तीन बजे बैठक करेंगे। साढ़े तीन बजे जिले के विकासशील परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह शाम को पौने चार बजे कानपुर-बुन्देलखंड क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करेंगे।
राम बहादुर/दीपक/बृजनंदन
