झांसी(हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए झांसी-जालौन-ललितपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन-2022 के अंतर्गत झांसी कलेक्ट्रेट में मंगलवार से शुरू हुई नामांकन की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाले नामांकन के अंतर्गत बैरीकेटिंग का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि बेरीकेटिंग मजबूत हो ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों द्वारा नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट में आने का रूट प्लान पर भी चर्चा की और निर्देश दिए कि किसी भी दशा में आवागमन बाधित न हो।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरस: अनुपालन किया जाए। उन्होंने नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार ही नामांकन दाखिल करने के लिए जानकारी दें। प्रत्याशियों को वाहनों के संबंध में पूर्व से ही अवगत करा दें ताकि भीड़भाड़ से बचा जा सके।
नामांकन के दौरान उन्होंने कहा कि आम जनमानस को आने जाने में समस्या न हो, इसके लिए रूट प्लान का सख्ती से पालन किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन एके सिंह, अधिकारी टहरौली राजकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सुरक्षा के दृष्टिगत एसएसपी ने कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण
विधान परिषद चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीना के मार्गदर्शन में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं।
मंगलवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जिला कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरा आदि को चेक किया तथा सुरक्षा में लगे पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ट्रैफिक इंस्पेक्टर को यातायात व्यवस्था के दुरुस्त प्रबंधन के लिए निर्देशित किया, जिससे आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
महेश
