मऊ (हि.स.)। जिलाधिकारी अरूण कुमार द्वारा बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल के डाक्टरों द्वारा लिखी गयी कुछ मरीजों की पर्चियों की जांच की।
जांच के दौरान मरीजों ने डाक्टरों द्वारा बाहर से दवा लिखने की शिकायत की, जिसको संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित सी0एम0एस0 को निर्देश दिया कि इन डॉक्टरों की जांच कर इनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें, साथ ही किसी भी मरीज को बाहर की दवा न लिखने के सख्त निर्देश दिये।
जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही डाक्टरों द्वारा लिखी गयी दवाओं की उलब्धता की भी जांच की गयी, जिसमें दवायें मौके पर उपलब्ध पायी गयीं। इसपर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सी0एम0एस0 डा. बृज कुमार को निर्देशित किया कि अगर आगे भी ऐसी शिकायतें आती हैं तो सम्बंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें।
जिलाधिकारी ने डॉक्टरों के शत प्रतिशत उपस्थित रहने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को अपने इलाज़ के दौरान सुविधा मिल सके। उन्होंने जिला अस्पताल परिसर के साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, जिससे संक्रामक रोगों से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी मरीज इलाज़ के लिए जिला अस्पताल में आता है, उसको डॉक्टरों द्वारा सही ढंग से देखा जाए, किसी भी मरीज को बेवजह परेशान न किया जाए, शिकायत मिलने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
आनन्द कुमार
