— अफसरों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभांवित कराने के दिए निर्देश
कानपुर देहात(हि.स.)। सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर सही से पहुंच रही हैं इसकी हकीकत परखने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने वैक्सीनेशन और आवारा पशुओं पर जोर देते हुए ज्यादा से ज्यादा कार्य करने का निर्देश सम्बंधित अफसरों को दिए।
जिलाधिकारी ने जन कल्याणकारी योजनाओं के सम्बंध में वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए 45 वर्ष से ऊपर की उम्र के लोगों को ज्यादा से ज्यादा वैक्सीन लगाने का निर्देश दिए। जनपद में आज 16,000 वैक्सीन उपलब्ध है जिसको लेकर कहा कि सम्पूर्ण वैक्सीनेशन नागरिकों को कराया जाए।
डॉ. सुखलाल वर्मा ने बताया कि जनपद में लगभग एक हजार गोल्डन कार्ड प्रतिदिन बन रहे हैं। जिलाधिकारी ने इसमें और प्रगति लाई जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों का गोल्डन कार्ड बन सके और नागरिकों को इसका लाभ दिलाया जाए।
डॉ. एपी वर्मा ने बताया कि डेंगू के जिले में कुल सात केस आए हैं जिसमें से छह केस पूरी तरह से सही हो गए हैं। डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 7,013 अति कुपोषित बच्चों की पहचान की गई, जिसमें से 4,793 का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसमें से 878 को सीएचसी व पीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जबकि 35 बच्चे एनआरसी में भर्ती हैं। साथ ही डॉ. बीपी सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि अभी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के लिए कोई पोर्टल अलग से नहीं बन पाया है।
सहायक श्रमायुक्त से मांगा स्पष्टीकरण
जिलाधिकारी ने श्रमकार/कर्मकार के पंजीकरण के सम्बंध में जानकारी ली। इस पर सहायक श्रमायुक्त अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि अभी केवल 860 श्रमिकों का पंजीकरण हुआ है जबकि लक्ष्य 08 हजार का है। जिलाधिकारी लक्ष्य में भारी कमी को लेकर नाराजगी जताई और सहायक श्रमायुक्त का स्पष्टीकरण दिए जाने के निर्देश दिए।
आवास पशुओं को करें संरक्षित, दुर्घटनाओं में लाए कमी
उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ देवकीनंदन लावनिया को निर्देशित करते हुए कहा है कि जनपद में आवारा जानवरों के कारण जो घटनाएं हो रही हैं इसके लिए अलग से टीमें गठित कर आवारा जानवरों का पता लगाएं। उन्हें संरक्षित करें, जिससे की घटनाएं जनपद में न हो। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या पांडेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज वर्मा, सीएमओ डॉ. एके सिंह, जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र मोहन आदि उपस्थित रहें।
