– 26 जनवरी से जरूरतमंदों के लिए अटल आश्रय ग्रह में होगी रोटी बैंक की शुरुआत
औरैया(हि.स.)। एक विचित्र पहल सेवा समिति ने अटल आश्रय ग्रह में निःशुल्क वस्त्र बैंक का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रकाश चंद श्रीवास्तव के कर कमलों द्वारा सोमवार को दीप प्रज्वलन व सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज सेवी संगठन विचित्र पहल के द्वारा यह बहुत ही सराहनीय पहल है। जिसके माध्यम से सर्द ऋतु में वास्तविक जरूरतमंद लोगों को वस्त्र मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने स्वयं अपने अनुपयोगी ऊनी वस्त्रों को वस्त्र बैंक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को समर्पित किये। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने अनुपयोगी वस्त्रों को वस्त्र बैंक में पहुंचाकर पुनीत कार में योगदान दें। जिलाधिकारी ने आगामी 26 जनवरी को अटल आश्रय गृह में रोटी बैंक के शुभारंभ के लिए स्वयं 5-5 कुंतल दाल, चावल आदि खाद्य सामग्री मुहैया कराने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि ऑक्सफोर्ड शिक्षा प्रसार संस्थान के प्रबंधक राजवर्धन शुक्ला ने कहा कि यह बहुत सराहनीय पहल है। वस्त्रों के साथ जरूरतमंद लोगों को वस्त्रों के साथ भोजन भी मुहैया कराया। सर्द ऋतु में ऊनी वस्त्रों द्वारा जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलेगी। समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि समिति द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर बेसहारा लड़कियों के विवाह व जरूरतमंदों की यथासंभव निरंतर मदद की जा रही है।
सुनील
