-फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का दिया निर्देश
प्रयागराज(हि.स.)। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने बुधवार को तहसील बारा के ग्राम सेहुरा, लोहगरा, पिपरांव सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण कर ओलावृष्टि-बारिश से हुए फसलों के नुकसान की स्थिति का जायजा लिया। वहां पर उन्होंने किसानों से वार्ता भी की। किसानों ने बताया कि ओलावृष्टि एवं बारिश से गेहूं तथा सरसों की फसल ज्यादा प्रभावित हुई है।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी बारा, उपनिदेशक कृषि को किसानों की फसलों का हुए नुकसान का शीघ्रता से ठीक ढंग से सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सर्वे का कार्य करने वाले राजस्व कर्मिंयों को क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रभावित क्षेत्रों के सर्वे का कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए है।
डीएम ने कहा है कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता नहीं होनी चाहिए। यदि लापरवाही या उदासीनता पाई गई तो सम्बंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द फसलों के हुए नुकसान का मुआवजा दिलाए जाने हेतु कार्यवाही करने के लिए कहा है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जगदम्बा सिंह, उपजिलाधिकारी बारा, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार, तहसीलदार बारा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
विद्या कान्त
