– अपनी थाली साफ कर बच्चों व लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश
झांसी (हि.स.)। चिरगांव विकासखंड के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय का बुधवार को निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ स्कूल के बच्चों से शिक्षा गुणवत्ता की जानकारी ली। यहीं नहीं खुद बच्चों के सखा बनकर उन्होंने जमीन पर बैठकर मध्याह्न भोजन का स्वाद चखा। यही नहीं उन्होंने अपनी थाली को धोकर बच्चों के साथ बड़ों को स्वच्छता का संदेश भी दिया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनगर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की पहल पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शाहिद अहमद, एसडीएम मोठ व बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आदि ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर एमडीएम में बनाई गई तहरी खाकर उसकी गुणवत्ता व स्वाद का परीक्षण किया।
उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं अपनी भोजन की थाली साफ करके स्वच्छता में प्रत्येक व्यक्ति द्वारा योगदान दिए जाने की अपील भी की। साथ ही साथ विद्यालय के बच्चों द्वारा मांग किए जाने पर विद्यालय के बगल में जमीन उपलब्ध कराकर वहां जिला खनिज न्यास से क्रीड़ा स्थल, कबड्डी व खोखो खेल हेतु मैट व अन्य व्यवस्था किए जाने को सम्बंधित को निर्देशित किया।
महेश
