– अपने सामने एक उपभोक्ता बेबी गुप्ता को ई-पॉस मशीन से ट्रांजेक्शन कराकर 15 किग्रा० खाद्यान्न (चावल) दिलवाया
वाराणसी (हि.स.)। जनपद में संचालित उचित दर दुकानों की अनियमितता की शिकायत पर शनिवार को जमीनी स्तर पर वास्तविकता का पता लगाने के लिए जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने एक दुकान का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्र के कलेक्ट्रेट प्रखण्ड के शिवपुर की काशीनाथ शिवपुर सह क्रय-विक्रय समिति का कार्य देखा।
निरीक्षण के दौरान दुकान खुली पायी गयी। विक्रेता वितरण कार्य में लगा हुआ था। उचित दर दुकान पर आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित थी। जिलाधिकारी ने दुकान पर कार्ड, दुकान का आवंटन एवं अब तक वितरण की जानकारी ली। विक्रेता ने बताया कि उसने 88 प्रतिशत कार्डधारकों में अन्न वितरण कर दिया है। उचित दर दुकान पर रखें गये 05 किग्राo के छोटू गैस सिलेण्डर के वितरण व मूल्य के बारे में भी जानकारी जिलाधिकारी ने ली। जिलाधिकारी ने अपने समक्ष बेबी गुप्ता (राशनकार्ड सं0-119740043639 यूनिट–3) को ई०-पॉस मशीन से ट्रांजेक्शन कराकर 15 किग्रा० खाद्यान्न (चावल) दिलवाया।
जिलाधिकारी ने विक्रेता एवं उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वितरित होने वाले खाद्यान्न को मानक के अनुरूप पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से वितरण कार्य कराया जाए। निरीक्षण के समय जिला पूर्ति अधिकारी उमेश मिश्रा व पूर्ति निरीक्षक कलेक्ट्रेट प्रखण्ड भी उपस्थित रहे।
श्रीधर
