मेरठ (हि.स.)। मेरठ के जिलाधिकारी दीपक मीणा के नाम पर दूसरी बार साइबर ठगी का प्रयास किया गया है। वाट्सएप पर जिलाधिकारी का फोटो लगाकर लोगों से पैसे और उपहार मांगे जा रहे हैं। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा के नाम से दो महीने पहले भी वाट्सऐप पर उनकी फोटो लगाकर लोगों से पैसे मांगे गए थे। उस समय दूसरे नंबर का प्रयोग किया गया था। इस बार फिर से जिलाधिकारी की फोटो का प्रयोग करके वाट्सएप से लोगों से पैसे और उपहार मांगे गए हैं। मोबाइल नंबर 9401137574 से चल रहे व्हाट्सएप अकाउंट पर जिलाधिकारी दीपक मीणा का फोटो लगाकर साइबर ठगी का प्रयास किया जा रहा है। इस नंबर से कई अधिकारियों को मैसेज भेजकर गिफ्ट कार्ड और उपहार मांगे जा रहे हैं, जबकि यह नंबर जिलाधिकारी का नहीं है। शिकायत मिलने के बाद मेरठ पुलिस की साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी नंबर से गिफ्ट कार्ड या पैसे की मांग आने पर उसकी शिकायत पुलिस से करें।
कुलदीप
