– बैंक की सभी ब्रांचों व एटीएम शाखाओं में सीसीटीवी की पुख्ता व्यवस्था की जाए
लखनऊ (हि.स.)। बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाये जाने के लिए राज्य सरकार जीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है। इसके तहत सभी बैंकों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे मानक के अनुसार अपने बैंक शाखाओं में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करें। साथ ही इंटरनेट बैकिंग को और अधिक बेहतर बनाये जाने की सुविधा पर भी बल दिया।
प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद ने मंगलवार को गोमती नगर स्थित भारतीय रिजर्व बैंक में बैंकों की सुरक्षा के सम्बन्ध में गठित ‘‘राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति की 29वी बैठक’’ में यह जानकारी दी है।
श्री प्रसाद ने कहा कि बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किये जाने के लिये सर्विलांस सिस्टम व डाटा स्टोरेज को और प्रभावी बनाए जाने की आवश्यकता है। सभी ब्रांचों, करेंसी चेस्ट व एटीएम शाखाओं में सीसीटीवी की पुख्ता व्यवस्था अनिवार्य रूप से किया जाए। बैंकों में लगाए सुरक्षा के उपकरणों, अलार्म, सायरन आदि की नियमित रूप से जांच की जानी चाहिए।
बैंक व करेंसी चेस्ट में आग से सुरक्षा के लिए समुचित प्रबन्ध किए जाने के सम्बन्ध में फायर ऑडिट में निर्धारित मानकों को पूरा करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी बैंकों में आग से बचाव के लिए पर्याप्त प्रबन्ध किये जाने एवं उसका अनिवार्य रूप से फायर ऑडिट कराया जाने के निर्देश दिए गए। समय-समय पर बैंक व अग्निशमन विभाग के अधिकारियों द्वारा इसकी निगरानी भी की जाएगी। जाली मुद्रा के प्रचलन पर सख्ती से रोकथाम के लिए सम्बन्धित को निर्देश दिए गए।
बैंकों की करेंसी चेस्ट में उपयोग की जाने वाली नगदी के सुरक्षित आवागमन विशेषकर उसे दूसरे राज्यों में लाने ले जाने से जुड़े सुरक्षा से सम्बन्धित विभिन्न बिन्दुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।करेंसी-चेस्ट एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाये जाने पर भी विचार विमर्श किया गया। बैंक शाखाओं व स्थानीय थानों के बीच प्रभावी समन्वय को सुदृढ़ किए जाने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में बीडी पाल्सन सचिव (गृह), रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बालू केनचप्पा व कानपुर रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया के क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. इशान शुक्ला और राज्य में कार्यरत प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधियों के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
दीपक
