Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेश जाम में फंसते ही कार से उतरकर भीड़ के साथ पैदल चलने...

 जाम में फंसते ही कार से उतरकर भीड़ के साथ पैदल चलने लगे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

कानपुर (हि.स.)। एमएलसी चुनाव में बीजेपी अपनी ताकत दिखाने के लिए नामांकन के अन्तिम दिन जनयात्रा निकाल रही है। जन यात्रा में शामिल होने पहुंचे उप्र के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जाम में फंस गए। हालात ऐसे हो गए कि वह खुद अपने वाहन से नीचे उतर भीड़ के साथ पैदल चलने लगे।

बीजेपी प्रत्याशी अरुण पाठक के प्रचार के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कानपुर पहुंचे। सरसैया घाट तक जाने वाली रोड पर जाम लगा था। कोई और तरीका न देखकर उपमुख्यमंत्री कार से उतर पड़े। भीड़ के साथ वो पैदल ही लगभग पांच सौ मीटर दूर आयोजन स्थल के लिए चल पड़े। इस दौरान करीब एक किमी की दूरी में गाड़ियां फंसी नजर आईं। यातायात पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही, लेकिन वीआईपी मूवमेंट और जाम में लोग परेशान होते रहे। डिप्टी सीएम को नामांकन जनयात्रा में शामिल होना है, जोकि कमिश्नर कार्यालय तक जानी है।

फेल हो गई यातायात पुलिस, लग गया जाम

वीआईपी रोड पर नामांकन जुलूस के साथ ही अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन किया है। वाहनों के आवागमन का परिवर्तन तीन बजे तक के लिए लागू था। जो वाहन कंपनी बाग से फूल बाग की ओर जा रहे हैं, वो मर्चेंट चैंबर से दाहिने होकर कचहरी के सामने से चेतना चौराहा होते हुए व्यायामशाला में निकलकर मेघदूत तिराहे की ओर भेजे जाने थे। इसके बावजूद यहां जाम लग गया। यातायात पुलिस जाम को संभालने में पूरी तरह फेल हो गई। कुछ इसी तरह मेघदूत तिराहे से कंपनी बाग की ओर आने वाले वाहन व्यायामशाला चेतना चौराहा होते हुए एमजी कॉलेज चौराहा से मर्चेंट चेंबर होते हुए भेजे जाने थे। अब यहां जाम होने की वजह से ट्रैफिक पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है।

अरुण पाठक तीसरी बार बने उम्मीदवार

कानपुर-उन्नाव स्नातक के लिए पार्टी के वर्तमान एमएलसी अरुण पाठक को बीजेपी ने तीसरी बार प्रत्याशी बनाया है। जबकि शिक्षक एमएलसी सीट पर पहली बार भाजपा ने उन्नाव के युवा नेता वेणुरंजन भदौरिया पर भरोसा जताया है।

शिक्षक सीट पर संघ से उतारा चेहरा

स्नातक सीट लंबे समय तक कांग्रेस के पास रही है। पहली बार 2014 में उपचुनाव में इस सीट पर भाजपा ने अरुण पाठक के रूप में जीत हासिल किया था। तब से यह सीट भाजपा के पास बनी हुई है। अरुण पाठक पेशे से शिक्षक हैं। वहीं वेणु रंजन संघ से ताल्लुक रखते हैं। 38 वर्षीय वेणु रंजन भदौरिया वर्तमान में भाजपा के साहित्य एवं प्रसार विभाग के प्रदेश सह संयोजक हैं।

कानपुर नगर-उन्नाव-कानपुर देहात स्नातक खंड निर्वाचन में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव और माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री संतोष तिवारी बतौर निर्दलीय नामांकन कर चुके हैं। शिक्षक खंड में संजय मिश्र के अलावा पहले से नामांकन कर चुके हेमराज सिंह गौर, भाजपा से वेणु गोपाल भदौरिया व सपा से प्रियंका भी नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular