Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजानलेवा डेंगू मच्छर के खिलाफ जागरूकता अभियान, दवा छिड़काव की मांग

जानलेवा डेंगू मच्छर के खिलाफ जागरूकता अभियान, दवा छिड़काव की मांग

वाराणसी(हि.स.)। शहर में तेजी से पनपने के साथ लोगों को अपना शिकार बना रहे खतरनाक एवं जानलेवा डेंगू मच्छर को लेकर मंगलवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जागरूकता अभियान चलाया। सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले मैदागिन स्थित भारतेंदु पार्क में सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग से समय-समय पर दवा के छिड़काव की मांग की।

संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, संरक्षक विजय कपूर, उपाध्यक्ष अनिल केसरी ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्षा ऋतु के बाद अक्टूबर माह में बेमौसम बरसात से शहर में जगह-जगह जमा पानी और सीवर और दवा का छिड़काव ना होने के कारण जानलेवा डेंगू मच्छर पनप रहे है। जिले में मौसमी बीमारियों के साथ ही खतरनाक रूप से लोगों को अपना शिकार बना रहे डेंगू ने तेजी से अपना पांव पसार लिया है। जिसके कारण अत्यधिक संख्या में लोग इसके शिकार होते जा रहे हैं।

पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में डेंगू का प्रकोप नहीं थम रहा है, हर रोज 10 से 15 मरीज मिल रहे हैं। इससे सरकारी अस्पतालों में व्यवस्था लड़खड़ा गई है, डेंगू वार्ड फूल हो गए हैं। सरकारी अस्पतालों में बेड और प्लेटलेट्स के लिए लोग दर-दर भटक रहे हैं। वर्षा ऋतु के बाद जिन कालोनियों व मोहल्लों में जगह-जगह पानी लगा वहां गंदा पानी होने के कारण मच्छरों का लार्वा तेजी से बढ़ रहा है। इन इलाकों में तेजी से बढ़ते बुखार वायरल की समस्या से लोगों में डेंगू का डर बन गया है। और लोग उसके शिकार भी होते जा रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि शासन-प्रशासन को दोष देने के बजाय अपनी सुरक्षा आप स्वयं करें। सुरक्षा की दृष्टि के मद्देनजर घरों में कहीं भी पानी एकत्रित ना होने दें, खाली डिब्बा या पुराने गमले को हटा दें, इसमें पानी जमा हो सकता है, खास करके मानसून के मौसम में कूलर, खुले नालों, छोटे तालाबों एवं पानी इकट्ठा होने के अन्य स्थानों पर मिट्टी के तेल की कुछ बूंदे डाल दें। इस मौसमी गंभीर बीमारी को गंभीरता पूर्वक लेना जरूरी है क्योंकि इस गंभीर जानलेवा बीमारी के जद में जो भी मरीज आ रहे हैं, उनमें जान माल का खतरा प्लेटलेट्स कम होने की वजह से ज्यादा बनता है और अकारण मौत के मुंह में जाने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में लोगों में जागरूकता नितांत आवश्यक है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular