Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास के नाम पर करें वोट: भूपेश बघेल

जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास के नाम पर करें वोट: भूपेश बघेल

मेरठ (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को मेरठ पहुंच कर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए जनसम्पर्क किया। कहा कि महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलकर 16 देशों ने आजादी प्राप्त की है। आज उनके हत्यारे गोडसे के अनुयायी सत्ता में है। वे जाति-धर्म की राजनीति करते हैं। लोगों को जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास के नाम पर वोट देना चाहिए।

हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गौतम के पक्ष में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को चुनाव प्रचार किया। अमर सिंहपुर गांव और शौंदत्त गांव में उन्होंने घर-घर सम्पर्क कर वोट मांगे। बड़ला गांव में प्रेस वार्ता में भूपेश बघेल ने कहा कि उप्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर गन्ना मूल्य 400 रुपए कुंतल, धान और गेहूं का समर्थन मूल्य 2500 रुपए कुंतल, 20 लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा गांधीजी से प्रेरित है, जबकि मोदीजी की विचारधारा सावरकर और गोडसे की है। दिल्ली में अमर जवान ज्योति बुझाकर केंद्र सरकार ने लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। राहुल गांधी 03 फरवरी को छत्तीसगढ़ में अमर जवान ज्योति प्रज्ज्वलित करेंगे।

आरोप लगाया कि जिनका बलिदान से कोई लेना-देना नहीं है, वह अमर जवान ज्योति का मतलब नहीं समझ सकते। इसके बाद भूपेश बघेल ने किठौर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बबीता गुर्जर के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। किला परीक्षितगढ़ में घर-घर जनसम्पर्क कर कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। भूपेश बघेल ने दोपहर बाद मेरठ कैंट से कांग्रेस प्रत्याशी अवनीश काजला के पक्ष में जनसम्पर्क कर वोट मांगे। इसके बाद शाम को मेरठ शहर से कांग्रेस प्रत्याशी रंजन शर्मा को लोगों से वोट देने की अपील की। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जाहिर अंसारी, हरिकिशन अंबेडकर, राज केसरी, विनोद सोनकर, नीतीश भारद्वाज आदि रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular