कासगंज (हि.स.)। कांग्रेस के स्टार प्रचारक प्रमोद कृष्णन बुधवार की दोपहर कासगंज में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जातिवाद धर्मवाद की राजनीति ने प्रदेश की दशा एवं दिशा बदल दी है। उन्होंने भाजपा सहित सपा, बसपा पर जमकर निशाना साधा। कहा, इस तरह की राजनीति ने प्रदेश को विकास से कोसों पीछे छोड़ दिया है।
सोरों गेट स्थित बाराहपत्थर मैदान पर कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप पांडे के समर्थन में हुई जनसभा में आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि उत्तर प्रदेश गंगा जमुनी तहजीब का प्रदेश था। यहां हिंदू, मुसलमान आपसी भाईचारे से रहते थे। अब प्रदेश में विभिन्न जातियां एवं विभिन्न धर्म तो हैं लेकिन इंसानियत पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
मायावती एवं अखिलेश पर जातिवादी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने धर्मबाद को लेकर प्रदेश को बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी जातियों सभी वर्गों एवं सभी धर्मों का सम्मान करती है। देश की स्वतंत्रता से लेकर आज तक कांग्रेश ने कभी भेदभाव की राजनीति नहीं की।
कहा कि भाजपा ने किसी का सम्मान नहीं किया है, चाहे वह देश का किसान हो, व्यापारी हो, महिलाएं हो, जवान हो या फिर आम जनता, भाजपा ने हमेशा एक दूसरे को लड़ाने का काम किया है। अब प्रदेश की जनता पूरी तरह समझ चुकी है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा, सपा, बसपा सभी ने प्रदेश को खतरे में पहुंचाने का काम किया है, लेकिन कांग्रेस की सत्ता बनते ही प्रदेश में चहुमुखी विकास, सुरक्षा, सम्मान की वापसी होगी।
कहा कि 2022 में उत्तर प्रदेश से भाजपा जा रही है और 2024 में भी भाजपा देश से चली जाएगी। अंत में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप पांडे के लिए कासगंज की जनता से झोली पहला कर वोट मांगे। मंच पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं में आचार्य प्रमोद कृष्णन का जोरदार अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष अदनान मियां, शहर अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप, मनोज पांडे, विशाल पांडे, दीपू पांडे, सुमंत शर्मा, सुरेश चंद्र पटियात, सतीश शर्मा, राज कपूर, सत्येंद्र पाल सिंह बैस एडवोकेट, गौरव दिक्षित मौजूद रहे।
पुष्पेंद्र
