Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजागरूकता रैली निकाल बाल मजदूरी पर रोक लगाने की मांग

जागरूकता रैली निकाल बाल मजदूरी पर रोक लगाने की मांग

वाराणसी (हि.स.)। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के एक दिन पूर्व शनिवार को मनरेगा मज़दूर यूनियन के बैनरतले राजातालाब में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बाल श्रम अभिशाप है और देश के प्रगति में बाधक, बच्चे देश के भविष्य हैं। हम सबका दायित्व है कि उन्हें बेहतर आज दें, ताकि सुनहरे कल का निर्माण हो सके, आदि लिखे स्लोगन के साथ बाल श्रम रोकने के लिए लोगों को सचेत किया गया।

रैली में स्थानीय बच्चों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता व किशोरी युवा मंच संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। रैली के समापन पर आयोजित बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के उद्देश्य को बताया। राजकुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा वर्ष 2002 से हर साल 12 जून को बाल श्रम निषेध दिवस के रूप में मनाया जाता है । बैठक में वंचित समुदाय को मुख्यधारा में जोड़ने और बच्चों को उनके बचपन से जोड़कर उन्हें शिक्षित करने का संकल्प भी दोहराया गया।

सिर्फ भारत में ही करीब 3.5 मिलियन बाल श्रमिक

सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता ने यूनिसेफ के आकड़ों का हवाला देकर बताया कि विश्व भर में 150 मिलियन बाल श्रमिक है और अकेले भारत में ही करीब 3.5 मिलियन बाल श्रमिक हैं। लगभग 1.5 मिलियन बच्चे खतरनाक और जोखिम भरे कार्य करते हैं, जिससे उनकी जान तक चली जाती है। इस प्रकार से बाल श्रम के प्रमुख कारणों के गरीबी और अशिक्षा ही प्रमुख कारण है। जिससे बच्चे कम उम्र में श्रम से जुड़ जाते हैं। इसलिए बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और बचपन देना उनका अधिकार है। मनरेगा मज़दूर यूनियन के संयोजक सुरेश राठौर ने बताया कि बाल श्रम एवं अन्य बाल अपराधों से बच्चों को बचाने के लिए 1098 चाइल्ड लाइन पर कॉल कर सकते हैं। बैठक में श्रद्धा देवी , प्रीति, खुशबु, पूजा, रेशमा, काव्या, विजय लक्ष्मी, आँचल आदि शामिल रही।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular