-मुख्य सचिव ने अमेठी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जल विमर्श कार्यक्रम का किया शुभारंभ
-जल दर्पण एवं पर्यावरण सुधा नामक पुस्तक का किया विमोचन
– रुद्राक्ष का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
-मालिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान का निरीक्षण किया
अमेठी(हि.स.)। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने रविवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय जल विमर्श कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि जल ही जीवन है और जल के बिना कुछ भी संभव नहीं,इसकी सार्थकता देखते हुए प्रधानमंत्री ने तीन-चार साल पहले कहा था कि हमें जल की एक-एक बूंद को संजोना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट को देखते हुए सरकार ने अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए हैं, जिनमें अमृत सरोवर, नदियों की साफ-सफाई, चेकडैम का निर्माण एवं नदियों, तालाबों का जीर्णोंद्धार सहित अनेक कार्य जल संरक्षण के लिए कराए जा रहे हैं। मुख्य सचिव जल बिरादरी द्वारा आरआरपीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जल उपयोग दक्षता को बढ़ाने एवं भूमिगत जल के दोहन को कम करने के लिए ड्रॉप मोर क्रॉप योजना संचालित की गई है,जिसके अंतर्गत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई संसाधनों का वितरण किया जा रहा है, इससे 30 से 70 प्रतिशत पानी की बचत के साथ-साथ लागत में कमी एवं लाभ में वृद्धि हो रही है।
मुख्य सचिव ने जल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके संरक्षण के लिए आवश्यक है कि हम ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं, प्लास्टिक व पॉलीथिन का प्रयोग बिल्कुल न करें, अधिक से अधिक वर्षा जल को तालाबों में संरक्षित करें, जिससे भूजल स्तर में सुधार हो सके।
कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने विद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अमेठी के जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने कहा की जल बिरादरी अमेठी द्वारा यह आयोजन जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अमेठी में विशेष रूप से जल संरक्षण को लेकर कई कार्य कराए जा रहे हैं।
इसके पूर्व, मुख्य सचिव ने नगरपालिका जायस स्थित मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान तथा जायसी तपोस्थली का स्थलीय निरीक्षण किया तथा तालाब एवं परिसर की साफ-सफाई तथा रखरखाव का उचित प्रबंध करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर अमेठी के पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन , मुख्य विकास अधिकारी छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी अमेठी प्रीति तिवारी, तिलोई, फाल्गुनी सिंह, गौरीगंज राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, उपनिदेशक नेहरू युवा केंद्र आराधना राज, उपायुक्त उद्योग राजीव कुमार पाठक, डीसी एनआरएलएम सुनील तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं, नेहरू युवा केंद्र के वॉलिंटियर मौजूद रहे।
रजनीश
