नेशनल डेस्क
नई दिल्ली। भारत सरकार ने अफगानिस्तान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। काबुल दूतावास द्वारा 10 अगस्त को जारी एडवाइजरी में अफगानिस्तान में रह रहे सभी भारतीयों को कमर्शियल फ्लाइट्स की उपलब्धता को लेकर अपडेट रहने की सलाह दी गई है। लोगों से कहा गया है कि उनके क्षेत्र में हवाई सेवा बंद होने से पहले भारत लौटने की व्यवस्था कर लें। अफगानिस्तान में बढ़ रही हिंसा को लेकर भारत सरकार ने तीसरी बार सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले 29 जून और 24 जुलाई को भी भारत सरकार ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की थी। काबुल दूतावास ने मामले को लेकर ट्वीट कर जानकारी दी है। अफगानिस्तान में काम कर रही भारतीय कंपनियों को हवाई यात्रा सेवाओं के बंद होने से पहले अफगानिस्तान में प्रोजेक्ट साइट्स से भारतीय कर्मचारियों को तुरंत वापस लेने की सलाह दी गई है। विदेशी कंपनियों के साथ काम कर रहे कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि वह अपने नियोक्ता से कहें कि जल्द से जल्द उन्हें भारत भेजने में मदद करें। मीडिया से जुड़े लोगों को सलाह दिया गया है कि अफगानिस्तान में काम रहे भारतीय मीडियाकर्मी ब्रीफिंग के लिए दूतावास के सार्वजनिक मामलों और सुरक्षा विंग के साथ संपर्क करें। ऐसे में मीडिया के लोग जिस क्षेत्र में यात्रा कर रहे हैं, उन्हें बेहतर सलाह दी जा सकेगी क्योंकि सुरक्षा स्थिति में तेजी से बदलाव हो रहे हैं।
दूतावास कर्मियों को वापस लाएगा भारत
इस बीच अफगानिस्तान में लगातार हो रही हिंसा के बाद भारत अब अफगानिस्तान में कॉन्सुलेट में कार्यरत भारतीय कर्मचारियों को वापस लाएगा। अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ शहर में स्थित कॉन्सुलेट में कुछ अधिकारी और कुछ अन्य भारतीय अभी मौजूद हैं। अब इन सभी को वहां से निकाला जाएगा। भारतीय वायुसेना अफगानिस्तान के इस शहर में रह रहे लोगों को बाहर निकालेगी। मजार-ए-शरीफ अफगानिस्तान का वो शहर है जहां अंतिम भारतीय वाणिज्य दूतावास मौजूद हैं। इस शहर में बसे सभी भारतीय लोगों को अब भारतीय वायुसेना वहां से निकालेगी। अफगानिस्तान में तालिबान के बढ़ते वर्चस्व को देखते हुए भारत सरकार ने ये फैसला लिया है कि भारत के सभी कर्मचारियों, अधिकारियों को मज़ार-ए-शरीफ से वापस बुलाया जाएगा। मज़ार-ए-शरीफ में मौजूद भारतीय दूतावास की ओर से जानकारी दी गई है कि मंगलवार शाम को मजार-ए-शरीफ से एक स्पेशल फ्लाइट नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। जो भी भारतीय आसपास हैं, वह शाम की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाए। जो जानकारी भारत की तरफ से दी गई है उसमें कहा गया है कि जिस भी भारतीय को नई दिल्ली रवाना होना है, वह तुरंत अपना पूरा नाम, पासपोर्ट नंबर और अन्य जानकारी व्हाट्सएप पर भेज दे। इसके साथ ही दो नंबर भी किए गए हैं, वो नंबर हैं-0785891303, 0785891301
यह भी पढ़ें : तीसरी लहर की आशंका, योगी सरकार ने अस्पतालों को किया एलर्ट
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
