बलिया(हि. स.)। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने से जिले में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। बैरिया तहसील के कई गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। शनिवार को प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह पहुंचे और डीएम-एसपी संग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की हर सम्भव सहायता करने का निर्देश दिया।
जिले में गायघाट के पास गंगा नदी का जलस्तर शनिवार को खतरा बिंदु को पार कर 59.130 मीटर तक जा पहुंचा। उधर, सरयू नदी का जलस्तर भी मांझी गेज पर खतरा बिंदु के करीब पहुंच गया है। यहां जलस्तर 55.20 मीटर दर्ज किया गया। गंगा में उफान तेज होने के कारण दर्जनों गांवों पर संकट के बादल छा गए हैं। कटान से दहशत है। यही कारण है कि प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रामगढ़ स्पर संख्या 27, 500 पर पहुंच कर बाढ़ विभाग के अधिकारियों से यथास्थिति के बारे में जनकारी ली।
उन्होंने ग्राम पंचायत केहरपुर में लगभग 10 करोड़ रूपए लागत से बन रहे रिवेटमेंट कार्य के बारे में जानकारी ली। हालांकि, अधिकारी कार्य के बारे में बताने में उलझन महसूस करने लगे तो जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। साथ ही दुबे छपरा बाढ़ राहत शिविर में पहुंच व्यवस्था को देखा। जाते समय पास में दुकान पर बैठे दुकानदार के पास जाकर हाल-चाल पूछा। इस दौरान डीएम सौम्या अग्रवाल और एसपी राजकरण नय्यर भी थे।
पंकज
