मीरजापुर(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की दोपहर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की माता रमा देवी के निधन पर उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना प्रगट किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के पैतृक आवास जमालपुर के ओड़ी गांव में शोक संवेदना प्रगट करने के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों का जमघट लग गया।
25 मिनट देर से उतरा मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर शुक्रवार की दोपहर 2ः40 बजे यानी 25 मिनट देर से जमालपुर के देवकली इंटर कालेज मैदान पर उतरा। हालांकि प्रोटोकाल के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर शुक्रवार की दोपहर 2ः15 बजे उतरना प्रस्तावित था। हेलीकाप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला जमालपुर के ओड़ी गांव की ओर निकला। मुख्यमंत्री 2ः50 बजे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के पैतृक आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रास्ते भर लोगों का अभिवादन किया।
मंत्री नंदी व दयाशंकर ने की आगवानी
कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता उर्फ नंदी व परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र भी ओड़ी गांव पहुंचे थे। वे मुख्यमंत्री से पहले ही आ चुके थे और परिवार से मिलकर शोक संवेदना जताई। मुख्यमंत्री के आगमन पर उनकी आगवानी की और उनके साथ फिर स्वतंत्र देव सिंह के आवास पर पहुंचे।
मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर विंध्य कारिडोर की करेंगे समीक्षा
शोक संवेदना प्रगट करने के बाद मुख्यमंत्री ओड़ी गांव से सीधे विंध्यधाम पहुंचेंगे। विंध्य दरबार पहुंचकर मुख्यमंत्री सबसे पहले मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद अपने ड्रीम प्रोजेक्ट निर्माणाधीन विंध्य कारिडोर का निरीक्षण करेंगे, फिर पथरहिया स्थित विकास भवन में आयुक्त सभागार में निर्माणाधीन विंध्य कारिडोर की समीक्षा करेंगे।
मुखिया के आने से पहले सड़कें गड्ढामुक्त
मुख्यमंत्री के आने से पहले जमालपुर से ओड़ी गांव जाने वाले रास्ते गड्ढामुक्त हो गए। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क मरम्मत कराया गया। दरअसल, गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चैधरी भूपेंद्र सिंह के साथ आए लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने जमालपुर के ओड़ी गांव जाने वाले सभी रास्ते दुरूस्त करने का निर्देश दिया था।
गिरजा शंकर
