लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ के फैजुल्लागंज क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों की क्लास लगायी तो उसके परिणाम स्वरूप जलभराव से पीड़ित इस क्षेत्र के लिए 9.4 किलोमीटर नाले के निर्माण की स्वीकृति हो गयी। नगर विकास मंत्री ने फैजुल्लागंज क्षेत्र में नाले के निर्माण कार्य के लिए शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने व क्षेत्र में कार्य को शुरू कराने के भी निर्देश दे दिये हैं।
लखनऊ उत्तर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले फैजुल्लागंज क्षेत्र में विधायक नीरज बोरा ने कई बार स्थानीय लोगों से सीवर बनवाने का वायदा किया। बीते दिनों जोरदार बारिश में फैजुल्लागंज क्षेत्र के लोगों की कठिनाइयां एक बार फिर से सामने आयीं। इसकी जानकारी नगर विकास मंत्री एके शर्मा को हुई तो उन्होंने फैजुल्लागंज क्षेत्र के लोगों से आपबीती सुनी। विधायक नीरज बोरा से वार्ता की और इसके बाद सीवर कार्य को पूरा करने का एक बार फिर से वायदा किया।
इसी क्रम नगर विकास मंत्री ने नाले के निर्माण कार्य को लेकर स्वीकृति दे दी। नाले के निर्माण की धनराशि की स्वीकृति देने के साथ कार्य को गति से पूरा कराने के निर्देश दिये हैं। इसमें एके शर्मा ने फैजुल्लागंज के सड़कों किनारों व गलियारों को भी शामिल कर दोनों छोर पर नाला बनाने को कहा है।
फैजुल्लागंज क्षेत्र के रहने वाले लोगों में नाले की घोषणा को लेकर खासा उत्साह है। स्थानीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से फैजुल्लागंज के रहने वाले लोगों ने नगर विकास मंत्री को धन्यवाद दिया है। बता दें कि लखनऊ में जोरदार बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए फैजुल्लागंज क्षेत्र पूरी तरह से बारिश के पानी से डूब गया था। बारिश के पानी के कारण मार्गों पर जलभराव था, तो बहुत सारे मकानों में पानी घुस गया था। रोजमर्रा की जिंदगी पर खासा असर दिखायी पड़ा।
शरद
