Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजलकल के खोदे हुए गड्ढे में गिरा डिलीवरी ब्वॉय, नहीं थी बैरिकेडिंग

जलकल के खोदे हुए गड्ढे में गिरा डिलीवरी ब्वॉय, नहीं थी बैरिकेडिंग

– मददगार बनी पुलिस, जेसीबी से निकाली गई बाइक

कानपुर (हि.स.)। शहर की सड़कों में गड्ढे होना तो अब आम बात हो गई है, लेकिन सबसे ज्यादा खतरनाक स्थिति तब हो जाती है जब जलकल विभाग लीकेज करने के लिए गड्ढा खोद देता है। ऐसा ही गड्ढा गुजैनी की सड़क पर खोदा गया जिसमें पानी भरने से एक डिलीवरी ब्वॉय गड्ढे को नहीं समझ सका और बाइक सहित जा गिरा।

गनीमत रही कि वह तैरना जानता था और बाहर निकल आया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि पुलिस ने डिलीवरी ब्वॉय की मदद की और अलाव जलाकर उसे सर्दी से बचाया। इसके बाद शनिवार को पानी निकलवाकर जेसीबी की मदद उसकी बाइक निकाली गई।

गुजैनी में पेयजल लाइन लीकेज की वजह से जलकल विभाग द्वारा सड़क पर करीब 10 फुट का गड्ढा खोदा गया और मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। जलकल विभाग गड्ढा खोदने के बाद वहां पर किसी भी प्रकार की बैरिकेडिंग नहीं की। जिससे वहां पर गड्ढा बना रहा और पानी सड़क के बराबर भरने से गड्ढा नहीं दिखने लगा। हालांकि क्षेत्रीय लोगों को पता था तो वह लोग बचाकर निकल जाते थे, लेकिन देर रात एक फूड डिलीवरी कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय के पद पर कार्यरत विजय कुमार मौर्या उस गड्ढे में बाइक सहित जा गिरा। उसने बताया कि देर रात वह अंबेडकरनगर से गुजैनी जा रहा था। रात में वह बाइक पर जैसे ही गुजैनी के पास पहुंचा तो सड़क पर पानी भरा था। पानी और सड़क का लेवल एक जैसा होने की वजह से उसे गड्ढा दिखाई नहीं दिया, लिहाजा वह स्पीड में बाइक निकालने लगा। इस बीच अचानक से उसकी बाइक 10 फुट गहरे गड्ढे में चली गई।

तैरकर बचाई जान

विजय कुमार मौर्या ने बताया कि बड़ी मुश्किल से गड्ढे से वह तैरकर बाहर आया। इसके बाद डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। उसका कहना है कि फोन के थोड़ी देर बाद ही पुलिस मौके पर आ गई। डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने उसकी मदद की और पास से कपड़े दिलाए। यही नहीं, भीषण ठंड में पूरी तरह भीग चुके डिलीवरी ब्वॉय को सर्दी न लगे, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने आग का भी इंतजाम किया और उसे राहत दिलाई। इसके बाद शनिवार को पहले गड्ढे से पानी निकाला गया और जेसीबी की मदद से उसकी बाइक निकाली गई।

नहीं की गई थी बैरीकेडिंग

जलकल विभाग के अफसरों की लापरवाही यह है कि लीकेज के लिए गड्ढा खोदने के बावजूद मौके पर न तो किसी तरह की बैरीकेडिंग की और न ही कोई संकेतक लगाया। यही वजह रही कि बाइक सवार डिलीवरी ब्वॉय को गड्ढे का अंदाजा ही नहीं मिला और वह उसमें जा गिरा।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular