Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजय श्रीराम कहने वाले सभी लोग मुनि नहीं हो सकते: राशिद अल्वी

जय श्रीराम कहने वाले सभी लोग मुनि नहीं हो सकते: राशिद अल्वी

सम्भल (हि.स.)। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने सम्भल में कहा कि कुछ लोग जय श्रीराम का नारा लगाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। जय श्रीराम कहने वाले सभी लोग मुनि नहीं हो सकते। उनके इस बयान पर भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने राशिद अल्वी को अपना डीएनए टेस्ट करवाने की सलाह दी है।

सम्भल में चल रहे कल्कि महोत्सव में कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने प्रदेश की योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि देश में राम राज्य आ गया है, लेकिन जहां तक मैं समझता हूं राम राज्य में नफरत की कोई जगह नहीं है। भाजपा नेताओं को कटघरे में खड़ा करते हुए राशिद अल्वी ने कहा कि कुछ लोग जय श्रीराम का नारा लगाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। रामायण का प्रसंग सुनाते हुए राशिद ने कहा कि तीर लगने के बाद जब लक्ष्मण की तबीयत खराब हो रही थी तो संजीवनी बूटी लाने के लिए हनुमान को भेजा गया। रावण ने हनुमान का रास्ता रोकने के लिए एक राक्षस को भेज दिया। राक्षस ने एक मुनि का वेश बदलकर श्रीराम का गुणगान करने लगा। आजकल तो बहुत लोग लगाते हैं। जय श्रीराम सुनकर हनुमान ऊपर से नीचे उतर आते हैं। तब राक्षस बोला कि पहले मानसरोवर में स्नान करके आओ। बिना स्नान जय श्रीराम नहीं बोला जाता। यह बात अलग है कि आजकल बिना नहाए बहुत से लोग जय श्रीराम बोलते हैं। जय श्रीराम का नारा लगाने वाले सभी लोग मुनि नहीं हो सकते।

राशिद अल्वी ने कहा कि राम राज्य में नफरत नहीं थी। इस समय देश में जय श्रीराम के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। सीता माता ने कहा कि रामराज्य में शेर और बकरी एक स्थान पर पानी पीते हैं। भाजपा के लोग जय श्रीराम का नाम लेकर गुमराह कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता के इस बयान पर भाजपा नेताओं ने कडी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व फायर ब्रांड नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने राशिद अल्वी को अपना डीएनए टेस्ट करवाने को कहा है। उन्होंने कहा कि डीएनए जांच से पता चल जाएगा कि राशिद के पूर्वज हिन्दू रहे हैं। जय श्रीराम हमारी आस्था का विषय है। इस पर टिप्पणी का किसी को कोई अधिकार नहीं है। आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बन रहा है। श्रीराम का विरोध करने वालों को जनता करारा जवाब देगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular