मेरठ (हि.स.)। मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत में शामिल होने जा रहे किसानों पर रालोद अध्यक्ष जंयत चौधरी को हैलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। महापंचायत में जा रहे किसानों पर मेरठ में सिवाया टोल प्लाजा पर रालोद कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की।
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत में जा रहे किसानों पर हैलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करने की योजना बनाई थी, लेकिन मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने हैलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करने की अनुमति नहीं दी। इससे रालोद मुखिया को करारा झटका लगा और वे मन मसोस कर रह गए। रविवार को मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा से होकर महापंचायत में जा रहे किसानों पर रालोद कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की। ट्रैक्टर-ट्रालियों, बसों व अन्य वाहनों में सवार होकर जाने वाले किसानों भी इससे गदगद नजर आए। पुष्पवर्षा करने वालों में टोल प्लाजा पर धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
