-किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसान से ब्याज की मनमानी वसूली पर बैंक मैनेजर को लगाई फटकार
सुलतानपुर (हि.स.)। इसौली विधानसभा के गांव के आदर्श किसान जमील की प्रशंसा करते हुए मेनका गांधी ने कहा कि संसदीय क्षेत्र में यदि जमील जैसे पांच सौ किसान भी हो जाएं,तो सुलतानपुर का नाम भी समृद्धि जिलों में शामिल हो जाएगा।
संसदीय क्षेत्र दौरे के दूसरे व अंतिम दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी सोमवार को इसौली विधानसभा के नन्दौली गांव के आदर्श किसान जमील अहमद के आटा मिल का निरीक्षण किया। सांसद नेे आदर्श किसान से मल्टीग्रेन आटा,बेसन व हींग के पौधे की खरीदारी भी की। इसके साथ ही आदर्श किसान को जिला मुख्यालय पर एक मॉडल शॉप देने की भी घोषणा की है। सांसद ने इसके पूर्व अतानगर,एंजर, रसूलपुर,नटोली समेत दर्जन भर गांव में जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का निस्तारण भी किया।
उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड धारक एक किसान से बीस हजार रुपये के बदले छह माह में ही बारह हजार ब्याज की वसूली पर देहली बड़ौदा ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक को धनवापसी का निर्देश दिया ।
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नाम न होने के सवाल पर सांसद मेनका संजय गांधी ने कहा कि वह लगातार 25 वर्षों से भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य रही हूँ, नाम न होने पर कोई फर्क नहीं पड़ता । उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी में नए लोगों को भी जगह मिलना चाहिए। उन्होंने जिले वासियों को रामनवमी व विजयदशमी की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है की असत्य पर सत्य की विजय एक न एक दिन अवश्य होती है।
आदर्श किसान जमील अहमद ने बताया कि वैज्ञानिक खेती करने की प्रेरणा उन्हें सांसद मेनका संजय गांधी से ही मिली थी,जिसके बाद उन्होंने फूल की खेती,मसाले की खेती, काला नमक, चावल,सेव,बादाम व आम की खेती वैज्ञानिक विधि से करके अपनी आर्थिक समृद्धि कायम कर ली है। जिसके लिए उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल ने पुरस्कृत भी किया है।
