शाहजहांपुर(हि.स.)। कांट थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद में एक दिव्यांग की हत्या कर लाश को गड्ढे में खोदकर दफना दिया गया। छोटे भाई पर हत्या का आरोप लगा है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुतिहासा गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को मुड़ीगवां निवासी दिव्यांग राजेश कुमार (60) का शव बाबूराम के खेत में मिट्टी में दबा हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल, क्षेत्राधिकारी सदर, फोरेंसिक टीम व कांट पुलिस मौके पर पहुंची। खबर मिलते ही राजेश के रिश्तेदार और परिवार के लोग भी आ गए।
मुतिहासा निवासी बहनोई राजेश ने बताया की तीन भाइयों में राजेश कुमार सबसे बड़ा और अविवाहित था। गुड्डू सबसे छोटा था और एक भाई की हत्या पहले हो चुकी है। गुड्डू का साला विनय गुरुवार दोपहर राजेश कुमार को लेकर मुतिहास उनके घर आया था, जहां दोनों ने शराब पी। देर शाम कांट जाने की बात कहकर दोनों उनके घर से चले गए।
बहनोई का कहना है कि गुड्डू और राजेश में जमीन को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। गुड्डू जमीन का कुछ हिस्सा बेचना चाहता था, जबकि बड़ा भाई इसका पूरा विरोध करता था। आरोप है कि गुड्डू ने बड़े भाई राजेश की हत्या की है।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि ग्रामीण का शव मिला है। मृतक की बहन ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी को लगाया गया है।
अमित/दीपक/सियाराम
