बांदा (हि.स.)। जनपद के नरैनी थाना क्षेत्र में पिता ने अपने बेटे और बहू की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिता फरार हो गया। अरोपी ने पहले खलिहान में सो रहे बेटे की हत्या की और फिर घर पहुंच कर बहू को मौत के घाट उतार दिया। घटना का खुलासा बुधवार को सवेरे उस वक्त हुआ जब बेटी सो कर उठी और मां को मृत अवस्था में पाया। घटना के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया और घटनास्थल की बारीकी से जांच की है।
नरैनी थाना क्षेत्र के बरसडा मानपुर गांव निवासी देशराज ने अपने इकलौते बेटे मन्नूलाल (38) व उसकी पत्नी चुन्नी (30) की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात मन्नूलाल खलिहान में ईंट का भट्टा लगाकर चारपाई में सो गया और पत्नी चुन्नी घर पर सोने के लिए आ गई। खलिहान में मन्नूलाल और छोटा लड़का दीनदयाल (14), दादी गुलाबरानी (90) वर्ष तीनों लोग अलग-अलग सो रहे थे। तभी रात में देशराज ने बेटे मन्नूलाल की धारदार हथियार से वार कर हत्या दी। इसके बाद देशराज घर पहुंचा और मन्नूलाल की पत्नी चुन्नी के गले में भी धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घर में मृतक की बेटी वैजयंती (12) छत में सो रही थी। सुबह पांच बजे छत से नीचे आकर मां का मृतवस्था में देख कर रोने लगी। खलिहान गई, तो वहां पिता को मृत देखा। उसके चीखने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी प्रसाद मिश्र सहित नरैनी, कलिंजर, करतल, अतर्रा, गिरवा का भारी फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि एक व्यक्ति ने अपने बेटे-बहू को धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी है। घटनास्थल पर डाग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने दोनों स्थानों पर साक्ष्य जुटाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी देशराज जमीन बेचना चाहता था। कुल 16 बीघे जमीन थी, बेटा मन्नूलाल और बहू जमीन बेचने को मना कर रहे थे, इसके चलते ही वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं।
अनिल/मोहित
