Saturday, March 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजब हम आजादी के शताब्दी वर्ष में होंगे, तब भारत दुनिया का...

जब हम आजादी के शताब्दी वर्ष में होंगे, तब भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा: योगी

-‘अवध केसरी’ राना बेनी माधव बख्श सिंह की 218वीं जयंती के अवसर पर बोले मुख्यमंत्री

रायबरेली(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राना बेनी माधव आजादी से पहले से ही अवध को अंग्रेजों से लोहा लेकर आजादी का अनुभव करा दिया था। हमारी सेना के जवानों ने बार-बार देश की आन बान शान की रक्षा की है। इसी कड़ी में 26 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध में भारत को विजय प्राप्त हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस संकल्प के साथ देश का आह्वान किया है कि जब हम आजादी के 100वें साल में प्रवेश कर रहे होंगे, तब भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा।

आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम-1857 के अप्रतिम वीर एवं महान सेनानायक ‘अवध केसरी’ राना बेनी माधव बख्श सिंह की 218वीं जयंती के अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम सब जानते हैं कि देश सदियों की अपनी गुलामी के दौरान कभी चैन से नहीं बैठा। देश के अनेक हिस्सों में आजादी के लिए छटपटाहट देखने को मिलती थी लेकिन एक साथ पूरे देश में आंदोलन नहीं हो पा रहा था। 1857 में पहली बार पूरे देश में एक साथ चिनगारी भड़की।

अलग-अलग स्थानों पर आंदोलन ने तूल पकड़ा। उप्र उस स्वातंत्र समर का मुख्य केन्द्र रहा। पूरब में मंगल पांडेय, बुंदेलखण्ड झांसी में रानी लक्ष्मीबाई ने तो कानपुर के बिठूर में तात्या टोपे। आजादी के 90 वर्ष पहले ही राना बेनी माधव ने अवध क्षेत्र को डेढ़ साल तक आजादी का अनुभव करा दिया था। हजारों सैनिक शहीद हुए लेकिन आजादी से कम कुछ नहीं, उद्देश्य को लेकर लड़ते रहे। 1922 में गोरखपुर के चौराचौरी, 1925 में लखनऊ के काकोरी में आजादी के लिए लड़ाई निरंतर जारी रही। अंतत: 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ। आज हम सब राना बेनी माधव को याद करने के लिए एकत्र हुए हैं।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर आजादी के 75 वर्ष पर देश अमृत काल मना रहा है। हमे दुनिया के साथ खड़ा होना होगा। समाज के हर एक तबका को अपनी जिम्मेदारी के साथ खड़ा होना होगा। इसीलिए प्रधानमंत्री मोदी ने देश का आह्वान किया है कि जब हम आजादी का शताब्दी साल मना रहे हों तो भारत कैसा होगा ? इस दिशा में हमें कार्य करना है। इसके लिए सबको आगे आना होगा। 2047 में विश्व मानवता के लिए भारत दुनिया का नेतृत्व करता दिखाई देगा। इस मौके पर कारगिल युद्ध के योद्धा परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार, योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रता सिंह, मयंकेश्वर सिंह, विधायक अदिति सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि व आम जन मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular