Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजब भाजपा कार्यकर्ता सेवा में जुटे थे तब कुछ नेता एसी में...

जब भाजपा कार्यकर्ता सेवा में जुटे थे तब कुछ नेता एसी में बैठकर कर रहे थे ट्वीट : डॉ. दिनेश शर्मा

– भाजपा ने अपने विधायकों और मंत्रियों को खोया है

रायबरेली(हि.स.)। उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा गुरुवार को रायबरेली के दौरे पर थे। उन्होंने इस मौके पर अन्न महोत्सव सहित कई कार्यक्रमों में भी भाग लिया।प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई और विपक्षियों पर भी निशाना साधा।

उपमुख्यमंत्री डॉ शर्मा ने सपा प्रमुख पर तंज कसते हु कहा कि जब कोरोना काल में विपक्षी नेता एसी कमरों में बैठकर जब ट्वीट कर रहे थे तब भाजपा कार्यकर्ता ‘सेवा ही संगठन’ के माध्यम से लोगों की सेवा में जुटे थे। उन्होंने कहा कि जब मुसीबत आती है तो बीजेपी कार्यकर्ता और सरकार ही जनता के साथ खड़ी होती है,कोरोना में भाजपा ने अपने विधायक और मंत्रियों को खोया है,जबकि कुछ दलों के लोग साढ़े चार सालों तक घरों की खिड़कियां भी नहीं खोल रहे थे।

दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने वैक्सीन के ख़िलाफ़ अभियान चलाकर लोगों को दिग्भ्रमित किया जो कि जनता में कोरोना का संक्रमण बढ़ाने का एक षडयंत्र साबित हुआ। उन्होंने कहा जिस तरह वैक्सीन को बीजेपी की वैक्सीन बताया गया और भारत के वैज्ञानिकों पर सवाल खड़े किए गए वह इनकी मानसिकता को दर्शाता है।

बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में एक प्रश्न के जबाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी बोर्ड ने छात्र हित में यह फ़ैसला किया है कि जिसको भी अपने नंबरों से असंतुष्टि हो वह जल्द ही होने वाली परीक्षा में प्रतिभाग कर सकता है और किसी के साथ भी अहित नहीं होगा।

इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने अन्न महोत्सव पर आयोजित फ़िरोजगान्धी सभागार में भी बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना दुनिया की सबसे अनूठी योजना है जिससे किसी को भी भूखे पेट सोना नहीं पड़ा और गरीब के घर का चूल्हा जलता रहा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने 25 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार से जोड़ा है,शिक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव हुए हैं और नकल विहीन परीक्षा के साथ डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया गया है। डबल इंजन की सरकार में प्रदेश ने दूरगामी प्रगति की है। इसके पहले उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने जिले में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular