राज्य डेस्क
रांची। झारखण्ड के धनबाद जिले के गोविंदपुर जमडीहा पंचायत के कुबरीटांड़ गांव में विवाहित महिला और एक युवक के प्रेम प्रसंग के मामले ने रविवार की शाम तूल पकड़ लिया। गांव वालों की भीड़ ने प्रेमी, प्रेमिका के साथ-साथ प्रेमी के माता-पिता पर जानलेवा हमला बोल दिया। मामले की पंचायती के दौरान ही भीड़ की शक्ल में आए कुछ लोगों ने प्रेमी और उसके पिता के साथ बुरी तरह से मारपीट की। कथित प्रेमिका व चार बच्चों की मां और प्रेमी की मां भी भीड़ के निशाने पर रहे। घटना की सूचना पाकर गोविंदपुर थाना प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह, पीके सुधांशु , बबलू सोरेन आदि दलबल के साथ पहुंचे और चारों घायलों को एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय एक अमर कुमार पांडेय भी अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि गांव के नूर मोहम्मद का पुत्र रमजान अंसारी गांव की ही चार बच्चों की मां के साथ चार दिन पूर्व फरार हो गया था। रमजान अविवाहित है। प्रेमिका महिला का पति तमिलनाडु में राजमिस्त्री का काम करता है। ग्रामीणों को जब रमजान और विवाहित महिला के प्रेम और दोनों के गांव से भागने की सूचना पर महिला के ससुराल वालों ने उनकी काफी खोजबीन की। खोजबीन के दौरान दोनों को बराकर पार नैरोडीह गांव से शनिवार को बरामद कर लिया गया, जहां दोनों पति-पत्नी के रूप में ठहरे हुए थे।
रविवार की शाम इस मामले को लेकर मुस्लिम समाज की जमडीहा पंचायत के मुखिया पति गंगाधर राय की अध्यक्षता में कुबरीटांड़ गांव बैठक रखी गई थी। इसमें कुबरीटांड़, जमडीहा, रोतरा, केंदुआ, पाथुरिया, शिवपुर आदि गांव के सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। बैठक में विचार किया जाना था कि रमजान के साथ भागी चार बच्चों की मां किसके साथ रहेगी। पंचायत में महिला ने साफ शब्दों में प्रेमी के साथ रहने की बात कही। पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। बैठक में पूर्व मुखिया फतेह अली अंसारी, मुखिया मोबिन अंसारी, नईम अंसारी, अनवर अंसारी आदि समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पंचायत हो ही रही थी कि इसी बीच गांव के कुछ युवकों ने प्रेमी युगल पर हमला कर दिया। प्रेमी रमजान अंसारी की बुरी तरह पिटाई कर दी। रमजान अंसारी की प्रेमिका रुखसाना बीवी को भी जमकर पीटा। बीच-बचाव करने आए रमजान के पिता नूर मोहम्मद और मां कलसुम बीवी पर भी भीड़ ने हमला कर चारों को घायल कर दिया। इस मामले की सूचना गंगाधर राय ने गोविंदपुर थाना को दी। सूचना पाकर गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए हमलावर भाग निकले। पुलिस दोबारा गांव पहुंची और तीन आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। उनसे पूछताछ जारी है। घायलों का इलाज अस्पताल में हो रहा है। प्रेमी रमजान और उसके पिता की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : DIG की चेतावनी-कार्यप्रणाली में सुधार लाएं थाना प्रभारी
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
