Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजन्माष्टमी की बधाई में कंस के जिक्र पर शिवपाल का जवाब, पुराणों...

जन्माष्टमी की बधाई में कंस के जिक्र पर शिवपाल का जवाब, पुराणों में पढ़ा वही लिखा

मुख्यमंत्री योगी ने कानून व्यवस्था में सुधार किया, अभी और सुधार की आवश्यकता – शिवपाल यादव

फिरोजाबाद (हि.स.)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी(प्रसपा) के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जारी किये गये बधाई संदेश में कंस के जिक्र करने पर कहा कि उन्होंने जो पुराणों में पढ़ा है, वह बधाई पत्र में लिखा है फिर चाहे कोई इसका कुछ भी मतलब निकाले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था में सुधार किया है, लेकिन और सुधार की जरूरत है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव शुक्रवार को फिरोजाबाद पहुंचे थे। उन्होंने नगर के राधाकृष्ण मंदिर में दर्शन के बाद भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण भगवान की विशाल शोभायात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर वह मीडिया से भी रूबरू हुये।

उन्होंने कहा कि वह भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा में शामिल होने आये हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जारी किये गये बधाई संदेश में कंस व भगवान श्रीकृष्ण के सम्बंध में चर्चा करते हुये लिखा था कि जब कोई कंस अपने पिता को छल-बल से अपमानित कर, पद से हटाकर अनाधिकृत आधिपत्य स्थापित करता है तो धर्म की रक्षा के लिये मां यशोदा के लाल ग्वालों के सखा योगेश्वर श्रीकृष्ण अवश्य अवतार लेते हैं और अपनी योग माया से अत्याचारियों को दण्ड देकर धर्म की स्थापना करते हैं। यह उन्होंने क्यों और किसके लिये कहा, इस बात के जवाब में प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने जो पुराणों में पढ़ा है, उसे ही लिखा है कि फिर चाहे कोई उसका कुछ भी मतलब निकाले। कहा कि किसी को ऐसा करने से रोका नहीं जा सकता।

कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था में सुधार किया है, लेकिन अभी और सुधार करने की आवश्यकता है। इस दौरान प्रसपा नेताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया।

कौशल

RELATED ARTICLES

Most Popular