लखनऊ(हि.स.)। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया गुरुवार को एक बार फिर से जनसेवा संकल्प यात्रा लेकर निकले। कैण्टोमेंट से यात्रा का दूसरा चरण प्रारंभ करके निकलने पर राजा भइया का कार्यकर्ताओं ने बांग्ला बाजार और अमौसी के निकट पूरजोर तरीके से स्वागत किया।
कैण्टोमेंट से बांग्ला बाजार पहुंचने पर जनसेवा संकल्प यात्रा को जनसत्ता दल के कार्यकर्ताओं ने स्वागत करने के लिए रोका। यात्रा में शामिल जनसत्ता दल के अध्यक्ष राजा भइया ने वाहन से उतरकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। राजा भइया ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में मुखर हो कर अपनी बात रखने और तन्मयता से लगने की अपील की।
बांग्ला बाजार की तरह ही अमौसी एयरपोर्ट से पहले जनसत्ता दल के कार्यकर्ताओं ने यात्रा में सम्मिलित वाहनों को घेर लिया और माला फूल फेंकने लगे। इस बार भी राजा भइया वाहन से उतरें और कार्यकर्ताओं को हाथ जोड़कर धन्यवाद दिया।
जनसेवा संकल्प यात्रा लेकर निकले राजा भइया लखनऊ से उन्नाव पहुंचेंगे। इसके उपरांत कानपुर, जालौन होते हुए झांसी तक जायेंगे। यात्रा के माध्यम से राजा भइया अपनी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की जनता में पकड़ बनाने और पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। विधानसभा चुनाव 2022 में राजा भइया की पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटों पर दांव आजमाने के प्रयास में है।
