झांसी(हि. स.)। अखिलेश यादव जनभावनाओं का आदर करना सीखें और जमीनी हकीकत को समझें, अन्यथा उनका बचा खुचा राजनैतिक अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा और कोई उनका नाम लेने वाला तक नहीं होगा। यह नि : शुल्क नसीहत प्रदेश सरकार के श्रम व सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दी है। वह यहां आज सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा के बाद पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्वामीप्रसाद मौर्य की वापसी के सवाल पर निजी राय देते हुए कहा कि अगर वह अपनी भूल सुधार लें, तो पार्टी को विचार करना चाहिए। वहीं उन्होंने जयंत चौधरी पर भी निशाना साधा। पत्रकारों से चर्चा कर रहे राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर व दारा सिंह ने समय से सीख ली हैं, सही वक्त पर उन्होंने उचित निर्णय लिया है।
जयंत चौधरी के सवाल पर कहा कि उन्हें भी सोचना चाहिए वर्ना जनता सबक सिखा देगी। राजभर ने कहा कि एनडीए में कोई भगदड़ नहीं है। यह अनुशासित गठबंधन है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 51 प्रतिशत वोट हासिल करने का प्लान तैयार कर लिया है। अब विपक्ष को अपने बारे में सोचना चाहिए। विपक्षी गठबंधन पर उन्होंने कहा कि 2019 में सपा- बसपा गठबंधन बड़ा गठबंधन था, लेकिन उसे भी जनता ने माटी में मिला दिया। अब विपक्ष फिर एकजुट होने में लगा है। परिणाम भी आपके सामने आ जाएंगे।
महेश/सियाराम
