लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल ने कहा है कि प्रदेश की जनता ने सरकार का रिपार्ट कार्ड बना लिया है और वर्ष 2022 में परिवर्तन निश्चित है। नयी सरकार जनता की सरकार होगी, जिसमें किसानों मजदूरों, मजलूमों और कामगारों के साथ साथ बेरोजगारों की समस्याओं का निदान किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की भावना के अनुरूप होगा।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश प्रवक्ता सुरेन्द्रनाथ त्रिवेदी ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रमुख रूप से बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी देने के नाम पर जोर शोर से वर्ष 2017 में सत्ता में आयी थी परन्तु सम्पूर्ण कार्यकाल में बेरोजगारी दूर करने के स्थान पर बेरोजारी बढ़ाई गयी। सरकार के सत्तासीन होते ही लाखों शिक्षा मित्र बेरोजगार हुये। परन्तु प्रदेश सरकार ने शिक्षा मित्रों और छात्रों के हितों को ध्यान में रखकर सर्वोच्च न्यायालय में पुर्नविचार याचिका तक नहीं की।
कहा कि आज चुनाव को ध्यान में रखकर अचानक दो गुना राशन मुफ्त बांटने का नाटक करके सरकार यह बताने की कोशिश कर रही है कि अब गरीबों की खुराक दोगुनी हो गयी है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि सरकार अपनी अकर्मण्यता छिपाने के लिए कभी सड़कों पर गड्ढे भरने का ऐलान करती है तो कभी 24 घण्टें बिजली देने की बात करती है जबकि यह दोनों ही बातें सरकार गठन से लेकर अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था के नाम पर सरकार पूर्णतः विफल है। किसी भी सत्र में प्रदेश के नौनिहालों को समय से न तो पाठ्य सामग्री वितरित की गयी और न ही उनकी ड्रेस और जूते मोजे का ध्यान रखा गया।
रालोद प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान स्थिति यह है कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था चौपट है।
