Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजनता के लिए तत्पर रहते थे विधायक जन्मेजय सिंह, निधन मेरी व्यक्तिगत...

जनता के लिए तत्पर रहते थे विधायक जन्मेजय सिंह, निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति-हृदय नारायण

पार्टी ने समर्पित कार्यकर्ता और जनता ने अपना सच्चा हितैषी खो दिया-योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। भाजपा के देवरिया जिले की सदर सीट से विधायक जन्मेजय सिंह के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,  सहित अन्य मंत्रियों, नेताओं ने गहरा शोक जताया है। 
विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने शुक्रवार को कहा कि वह जन्मेजय सिंह के असामयिक निधन से दुखी हैं। श्री सिंह ने उत्तर प्रदेश की 16वीं और 17वीं विधान में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में देवरिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह अपने विधानसभा क्षेत्र की सम्मानित जनता के सुख-दुख के लिए सदैव तत्पर रहते थे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जन्मेजय सिंह के निधन से देवरिया जनपद व प्रदेश की राजनीति के साथ ही हमारी व्यक्तिगत क्षति भी है।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को चिर शांति वह शोकाकुल परिवार को इस अपार वज्राघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि देवरिया सदर विधान सभा क्षेत्र के विधायक जन्मेजय सिंह के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर शोक हुआ। श्री सिंह के निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता तथा जनता ने अपना सच्चा हितैषी खो दिया है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विधायक जन्मेजय सिंह के निधन की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। पार्टी में उनके जैसे कर्मठ व निष्ठावान कार्यकर्ता की पूर्ति आने वाले कई सालों में नहीं हो सकती है। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को शांति,परिजनों व समर्थकों को यह दुःख सहन करने कीशक्ति प्रदान करें।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि विधायक जन्मेजय सिंह पुराने कार्यकर्ता थे। वे हमारे साथ कई बार सदन में विधायक रहे। उनके असामयिक निधन से हम सब दुखी हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार तथा समर्थकों के लिये हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को सदगति प्रदान करें।
श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि विधायक एवं वरिष्ठ नेता जन्मेजय सिंह की असामयिक मृत्यु पर मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूं। समाज एवं पार्टी के विकास के लिए उनका योगदान अतुलनीय रहा। उनके निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि एवं परिवारीजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को भगवान दुख सहन करने की शक्ति दे।
जन्मेजय सिंह विधानसभा के मॉनसून सत्र में शामिल होने के लिए देवरिया से लखनऊ आए थे। वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सदन की पहले दिन की कार्यवाही में शामिल थे। गुरुवार रात में तबीयत खराब होने पर पहले उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद हालत और खराब होने पर लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने देखकर कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक पेस मेकर लगाने के दौरान ही विधायक की मत्यु हो गई। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। 
देवरिया की सदर सीट के भाजपा के विधायक जन्मेजय सिंह का जन्म 07 जुलाई, 1945 को गौरीबाजार के देवगांव में हुआ था। उनके पिता त्रिलोकीनाथ सिंह किसान थे। उन्होंने गुजराती देवी के साथ शादी की थी। उनके तीन बेटे और चार बेटियां हैं। वे वर्ष 2000 में हुए उपचुनाव में पहली बार बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधायक बने। बाद में 2002 में हुए आम चुनाव में समाजवादी पार्टी के शाकिर अली से हार गए। 2007 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इसके बाद उत्तर प्रदेश की 16वीं और 17वीं विधान सभा के सदस्य रहे। उन्होंने भाजपा के सदस्य के रूप में देवरिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular