लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि ग्रामीण जनता की समस्याओं का समाधान उनकी ही ग्राम पंचायत में होगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में आगामी शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता चौपाल से पूर्व गांवों के विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया है।
केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर शासन द्वारा चौपालों के आयोजन हेतु जिलाधिकारियों दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि ग्राम्य विकास विभाग से जुड़े अधिकारीगण प्रत्येक शुक्रवार को अपने कार्यक्षेत्र में तीन ग्राम पंचायतों में चौपाल का आयोजन कर जनसामान्य की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करायेंगे। यदि किसी योजना के बारे में कोई व्यावहारिक कठिनाई आये, जिसमें आयुक्त, ग्राम्य विकास स्तर से हस्ताक्षेप की आवश्यकता हो, तो उससे आयुक्त, ग्राम्य विकास को तत्काल अवगत कराया जायेगा ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर आ रही कठिनाइयों का त्वरित निस्तारण कराया जा सके।
जनता चौपाल से पूर्व गांव में चल रहे या हुए विकास कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा तथा ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ उनके सुझाव भी लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांवों की व्यवहारिक कठिनाइयों को समझा जाएगा और उनका निराकरण भी किया जाएगा तथा जो जिला व राज्य स्तर से समस्याओं का निराकरण होना हो उनके लिए उच्च स्तर पर सन्दर्भित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता चौपाल की वीडियोग्राफी भी कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जनता चौपाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को अनुमन्य सुविधाएं जैसे शौचालय, 90 दिन का मनरेगा में रोजगार, निशुल्क गैस कनेक्शन, निशुल्क विद्युत कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड और हर घर नल योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी की जाए और आवास योजना के सभी लाभार्थियों को इन सभी सुविधाओं से लैस कराया जाए।
बृजनन्दन
