Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजनकल्याणकारी नीतियों-विकास के दम पर फिर से कमल खिलाएंगे: दिनेश शर्मा

जनकल्याणकारी नीतियों-विकास के दम पर फिर से कमल खिलाएंगे: दिनेश शर्मा

-अखिलेश-जयंत के साथ पर दिनेश शर्मा बोले, पहले की तरह ये जोड़ी भी होगी फेल
 आगरा(हि.स.)। प्रदेश में चार साल के भीतर भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनता के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। इन्हीं के दम पर प्रदेश में पार्टी ‘अबकी बार, पिछला रिकॉर्ड पार’ कर कमल खिलाएगी और सरकार बनाएगी। 
यह बात उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा। वह शनिवार को जिला योजना की बैठक में शिरकत करने सर्किट हाउस आए थे। डॉ. दिनेश शर्मा ने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश के अन्दर पिछले चार साल में बेरोजगारी दर कम हुई है, हर व्यक्ति की आय दोगुना हुई है। बेरोजगारी दर 4.1 रह गई है, जोकि 2017 में 17.4 थी। उपमुख्यमंत्री ने पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों पर कहा कि प्रदेश में अन्य राज्यों की अपेक्षा यह सस्ता है। कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से तय की जाती हैं।  डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश के अंदर पिछले चार साल में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए गए हैं, अनेक जनहित कल्याणकारी योजनाओं को चलाया जा रहा है, जिनका लाभार्थियों को समय से लाभ मिल रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोक दल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की साझा किसान महापंचायत पर तंज कसते हुए कहा कि पहले भी दो लड़के (अखिलेश व राहुल गांधी) साथ आए थे, उनकी जोड़ी फेल हो गई। फिर बहनजी के साथ भी फ्लॉप रहे। अब ये जोड़ी भी बुरी तरह फेल होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular