Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजज्बा और हौसला हो तो बड़ी से बड़ी बाधाएं हो सकती हैं...

जज्बा और हौसला हो तो बड़ी से बड़ी बाधाएं हो सकती हैं दूर : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने “टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट में किया पुरस्कार वितरण , दिव्यांगो में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण भी बांटे

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को दिव्यांगों का जमकर उत्साह वर्धन किया। उन्होंने टोक्यों में सम्पन्न पैरा ओलंपिक का उल्लेखकर कहा कि जज्बा और हौसला हो तो बड़ी से बड़ी बाधा जीवन में दूर किया जा सकता है। वहां भारत से 54 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। जिसमे 5 स्वर्ण, 8 रजत एवं 6 कांस्य सहित 19 पदक खिलाड़ियों ने जीते।

दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अन्तिम दिन मुख्यमंत्री सिगरा खेल स्टेडियम में आयोजित “टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट” के समापन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विजेता टीम के खिलाड़ियों में पुरस्कार और दिव्यांगों में सहायक उपकरण वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने में योगदान के लिए पैरा ओलंपिक में मेडल विजेता खिलाड़ियों का उत्तर प्रदेश सरकार शीघ्र ही सम्मान करेगी और बड़ी धनराशि भी देगी।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टूर्नामेंट के विजेता साउथ जोन व उपविजेता नार्थ जोन को पुरस्कार स्वरूप ट्राफी एवं नगद धनराशि स्वरूप डेमो चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांग जनों को 175 ट्राई साइकिल, 30 व्हीलचेयर, 39 कान की मशीन, 31 आई डी किट, 20 ब्रेल किट, 10 स्मार्ट केन, 10 छड़ी, 20 बैसाखी एवं 11 कैलीपर सहित कुल 345 कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरित किए। गौरतलब हो, इस आयोजन में ऑल इण्डिया क्रिकेट एसोसिएसन फॉर फिजिकली चैलेन्ज्ड भागीदार रहा। इस टूर्नामेन्ट में एसोसिएसन से अधिकृत 06 राष्ट्रीय स्तर की टीमें-ईस्ट, वेस्ट, नार्थ, साउथ, सेन्ट्रल एवं प्रेसिडेन्ट एकादश प्रतिभाग किया। कुल-10 मैच खेले गये। जिसमें प्रथम दिन-02 मैच, दुसरे दिन-03 मैच, तीसरे दिन-03 मैच एवं अन्तिम दिन-02 मैच हुए।

कोविड टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने वाराणसी दौरे के अंतिम दिन सिगरा स्थित डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोविड टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ फीता काटकर किया। तथा सात “20-टीका एक्सप्रेस” वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन व सहयोग से केयर इंडिया की ओर से कोविड टीका एक्सप्रेस चलायी गयी हैं। यह टीका एक्स्प्रेस वैन घर-घर जाकर 18 वर्ष से ऊपर के लोगों का कोविड टीकाकरण करेगी।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर, पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकंठ तिवारी, विधायक रोहनिया सुरेंद्र नारायण सिंह, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ बीवी सिंह आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular