फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने गुरुवार को आगामी लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से तैयार किये जा रहे अवैध तमंचों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर मौके से बने व अधबने असलहा व उपकरण बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत जनपद में अवैध शस्त्रों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना प्रभारी रसूलपुर प्रमोद कुमार पंवार ने पुलिस टीम के साथ सूचना पर ग्राम मोढ़ा को जंगल के रास्ते जाने वाली कच्ची सड़क के पास बनी प्लाटिंग से एक अवैध असलहा फैक्ट्री को पकड़ा है। पुलिस टीम ने मौके से अभियुक्त सूरज पुत्र गजराज निवासी आस्फाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मौके से छह अवैध देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, दो खोखा कारतूस 315 बोर, एक अधबनी रिवॉल्वर 32 बोर व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियक्त का आपराधिक इतिहास है। उन्होंने बताया कि अवैध असलहा आगामी लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए तैयार किए जा रहे थे।
कौशल/मोहित
