Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशछुट्टा पशुओं से किसानों की फसलें हो रहीं बर्बाद, सरकार उठाए कारगार...

छुट्टा पशुओं से किसानों की फसलें हो रहीं बर्बाद, सरकार उठाए कारगार कदम : रालोद

– आरएलडी किसानों की समस्या को लेकर 14 जनवरी को प्रदेश भर में हैशटैग करेगी

लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने छुट्टा पशुओं से किसानों की हो रही फसलों की बर्बादी पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इसे लेकर गुरुवार को बताया कि किसानों की खून-पसीने से सींची फसलों को छुट्टा जानवर तबाह और बर्बाद कर रहे हैं लेकिन सरकार द्वारा कोई कारगर कदम नहीं उठाये जा रहे हैं जिससे किसानों में घोर हताशा और निराशा है।

श्री सिंह ने बताया कि किसान संदेश अभियान के तहत बकाया गन्ना मूल्य तथा गन्ने का नया लाभकारी मूल्य घोषित कराने की मांग के साथ-साथ किसानों को आवारा पशुओं से निजात दिलाने की भी मांग सूबे के मुख्यमंत्री से की जायेगी।

उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को प्रदेश भर में प्रातः 10 बजे हैशटैग किया जायेगा तथा 21 जनवरी को किसान एक साथ सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्र अपने-अपने जनपदों के डाकघरों के माध्यम से भेंजेगे। उन्होंने सरकार के प्रति आक्रोश जताते हुए कहा कि वर्ष 2021 में जब चुनाव थे तो सरकार ने 26 सितंबर को ही गन्ने का नया लाभकारी मूल्य घोषित कर दिया था मगर पूरा वर्ष बीत जाने के बाद भी अभी तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया गया है, सरकार के इस उदासीन रवैो से किसान बहुत दुखी हैं। जनपदों में जिलाध्यक्ष तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी युद्धस्तर पर जुट गए हैं।

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने कहा कि केन एक्ट का नियम है कि यदि 14 दिनों के भीतर गन्ना किसानों को उनका भुगतान मिल मालिक नहीं करते हैं तो बाद में ब्याज सहित भुगतान करना पड़ेगा। इसके लिए न्यायालय भी आदेशित कर चुका है लेकिन मिलें किसानों का पैसा दबाए बैठी हैं । भुगतान नहीं कर रही हैं लेकिन राष्ट्रीय लोकदल का संघर्ष जारी रहेगा।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular