वाराणसी (हि.स.)। अन्तराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर विभिन्न संगठनों में उत्साह दिखने लगा है। 75 दिन पहले से ही इसकी तैयारियां चल रही है। दिवस पर छावनी परिषद ने भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित किया है।
इसी क्रम में गुरुवार को छावनी परिषद हाई स्कूल परिसर में प्रातः छह बजे से विद्यार्थियों ने योग अभ्यास के बाद चित्रकारी एवं लेखन प्रतियोगिता में उत्साह से भागीदारी की। प्रतियोगिता में परिषद विद्यालय के सभी छात्रों ने अपने प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। यह दिन वर्ष का सबसे लम्बा दिन होता है। पहली बार यह दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया, जिसकी पहल भारत के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने की थी। 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 177 सदस्यों ने 21 जून को ‘अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस’ को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। प्रधानमंत्री मोदी के इस प्रस्ताव को 90 दिन के अन्दर पूर्ण बहुमत से पारित किया गया, जो संयुक्त राष्ट्र संघ में किसी दिवस प्रस्ताव के लिए सबसे कम समय है।
श्रीधर
