Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशछात्रा को थप्पड़ मारने का मामला, पीड़िता ने जिला मुख्यालय पहुंचकर लगाई...

छात्रा को थप्पड़ मारने का मामला, पीड़िता ने जिला मुख्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

– आरोपी महिला नायब तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग

वाराणसी (हि.स.)। कपसेठी थाना क्षेत्र के भीषमपुर गांव में पिछलों दिनों जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची नायब तहसीलदार ने एक युवती को थप्पड़ जड़ दिया था। इस मामले में न्याय को लेकर पीड़िता और उसके परिजनों के साथ ग्रामीण बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। जिला मुख्यालय पर ग्रामीणों ने मोदी-योगी जिन्दाबाद का नारा लगाते हुए युवती को न्याय दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार प्राची केसरवानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौेके पर पहुंचे एसीएम द्वितीय ने पीड़िता से मांगों का ज्ञापन लिया। इस मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम राजातालाब को सौंपी गई है।

कपसेठी थाना क्षेत्र के भीषम पुर गांव में हाईकोर्ट के आदेश पर बीते 08 अगस्त को एक विवादित जमीन पर एक पक्ष को कब्जा दिलाने के लिए कपसेठी, मिर्जामुराद, राजातालाब थाने की पुलिस के साथ नायब तहसीलदार प्राची केसरवानी पहुंची थीं। नायब तहसीलदार से दूसरे पक्ष के लोगों ने हाईकोर्ट के आदेश की कॉपी मांग ली तो वह नाराज हो गई। नायब तहसीलदार ने कहा कि आदेश अंग्रेजी में है तुम लोग पढ़ पाओगे। इस पर वहां मौजूद इंटर की छात्रा ने महिला अफसर से इंग्लिश में ही बात करते हुए आदेश की कॉपी मांगी। इस पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि महिला अफसर ने छात्रा को थप्पड़ जड़ दिया। महिला अफसर के थप्पड़ जड़ते ही मौके पर मौजूद ग्रामीण भड़क गए। महिला अफसर को घेरते हुए थप्पड़ मारने पर आक्रोश जताने लगे।

मामला बढ़ता देख थानाध्यक्ष कपसेठी सतीश यादव और अन्य पुलिस अधिकारियों ने महिला अफसर को अपने घेरे में ले लिया और उनकी गाड़ी तक पहुंचाया। लोगों का आक्रोश देख महिला अफसर जमीन पर बिना कब्जा दिलवाए वहां से चली गईं। क्षेत्रीय पुलिस ने आक्रोशित लोगों को किसी तरह शांत किया। लेकिन मामला सोशल मीडिया में वायरल हो गया । इस मामले में नायब तहसीलदार का कहना है कि

हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में मौके पर गई थी। वहां एक पक्ष के लोगों ने मुझे धक्का दिया और हमला करने का प्रयास किया। अपने बचाव में मेरा हाथ उठ गया। वायरल वीडियो में आधी बात ही है, जबकि सच्चाई कुछ और है। मेरे ऊपर हमला करने के लिए युवती और उसके परिजन गाड़ी पर भी चढ़ गए थे।

श्रीधर/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular