कानपुर (हि.स.)। गोविन्द नगर थाना क्षेत्र की एक छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर नौ दिन पहले मिला था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने छात्रा के बुआ के लड़के के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। गुरुवार को पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की जा रही है।
दबौली की रहने वाली जयराम की बेटी प्रिया (17) हाईस्कूल की छात्रा थी। पिता ने बताया कि वह 20 दिसंबर की शाम पांच बजे गुजैनी जे-ब्लॉक स्थित कोचिंग जाने को घर से निकली थी। लेकिन देर शाम तक घर लौटकर नहीं आई। पिता ने कोचिंग पहुंचकर जानकारी जुटाई तो पता चला कि कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र के नगसिया गांव निवासी विशाल उर्फ सुपेंद्र उसे जबरन अपने साथ ले गया था। इसके अगले ही दिन बेटी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। इस पर पिता ने विशाल जो प्रिया के बुआ का लड़का था उसके खिलाफ थाना में अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
थाना प्रभारी धनंजय पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि आरोपित विशाल को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक जो सामने आया है उसके मुताबिक आरोपित युवक प्रिया के बुआ का बेटा है जो रिश्ते में भाई लगता है। दोनों में बातचीत होती थी और युवक प्रिया से शादी करना चाहता था। लेकिन दोनों पक्ष के परिजन शादी के लिये तैयार नहीं थे। इस पर दोनों भागने के लिए तैयारी की थी। फिलहाल आरोपी के एक-एक बयान की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पिटाई के डर से प्रिया ने की आत्महत्या
पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल ने बताया कि उसने छात्रा की कोचिंग के बाहर से प्रिया को लिया था। इसके बाद भागने के इरादे से दोनों कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचे थे। जहां जीआरपी ने दोनों को पकड़ लिया और फिर घर पर सूचना दे दी थी। इसके बाद प्रिया दहशत में थी और घर में पिटाई के डर से उसने घर जाने की बजाए रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली।
अजय सिंह
